Deoria News: बारात में आए युवक की गोली मारकर हत्या, मचा कोहराम; गांव में पुलिस बल तैनात
देवरिया के खजुरी करौता गांव में बारात में आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कुशीनगर से आई बारात में भोजन करते समय 35 वर्षीय राजन यादव को पीछे से गोली मारी गई जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण पुरानी रंजिश है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है और मामले की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजुरी करौता गांव के मटकेश्वर राम टोला में गुरुवार की रात में करीब 11:30 बजे कुशीनगर से आई बरात में भोजन करते समय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई ।हत्या के बाद बरात में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
कुशीनगर जिले के रामपुर झुरियां गांव से खुखुंदू थाना क्षेत्र के खजुरी करौता के टोला मठकेश्वरराम में अनिल गिरी के घर बरात आई थी। बरात में अहिरौली कुशीनगर का रहने वाला 35 वर्षीय राजन यादव उम्र भी आया था। वह पंडाल में भोजन कर रहा था, इसी दौरान पीछे से एक युवक आया और उसे गोली मारकर मार दिया। जिससे बरात में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना को अंजाम देकर युवक फरार हो गया। इसकी सूचना लोगो ने पुलिस को दी और युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव और कुशीनगर में मातम का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया कि खाना खाते समय बरात आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई ।घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

घटना की जानकारी लेती पुलिस। जागरण
घटनास्थल पर रात में पहुंचे एसपी, ली जानकारी
गोली मारकर हत्या की सूचना पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर को हुई तो वह रात में पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थानाध्यक्ष को हमलावर को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। छापेमारी की जा रही है।
गोली चलने के बाद बरात में मची भगदड़
खाना खाते समय युवक पंडाल में पहुंचा और राजन यादव को टारगेट कर गोली चलाई। आसपास बैठे लोगों ने जब युवाओं के हाथ में असलहा देखा तो लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में जिस युवक को गोली लगी वह नीचे गिरकर तड़पने लगा। उसके बाद बरात में भगदड़ मच गई। भागने के दौरान कई लोगों को मामूली चोटे भी आई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।