विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM आवास योजना: देवरिया में इसी साल ढाई हजार से अधिक परिवारों को मिलेगा घर, पहली किस्त में 40 हजार रुपये

Published: Tue, 17 Nov 2026 12:17 PM (GMT+05:30)

देवरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत इस साल 2867 लाभार्थियों को घर मिलेंगे, जिसमें पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण की तस्वीर। स्रोत- जागरण क्रिएटिव्स

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण की तस्वीर। स्रोत- जागरण क्रिएटिव्स

HighLights

  1. देवरिया में 2867 लाभार्थियों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास का लाभ।

  2. पहले चरण में 1000 लाभार्थियों को मिलेगी 40 हजार की पहली किस्त।

  3. कुल 26,985 पात्र, लेकिन 24 हजार से अधिक को इंतजार करना होगा।

जागरण संवाददाता, देवरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2026-27 के तहत जिले में 2867 लाभार्थियों को आवास का लाभ मिलेगा। इसके लिए विकास खंडवार लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है।

पहले चरण में एक हजार पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये भेजे जाएंगे। योजना के तहत प्रति आवास 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके लिए लाभार्थियों के आधार और बैंक खातों का सत्यापन कराकर विवरण पोर्टल पर फीड कराया जा रहा है।

योजना के तहत जिले में कुल 54,697 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभागीय सत्यापन में इनमें से 26,985 आवेदक पात्र पाए गए। हालांकि, चालू वित्तीय वर्ष के लिए शासन से 2867 आवास का ही लक्ष्य मिला है।

इस तरह पात्र आवेदकों की तुलना में लक्ष्य काफी कम है। करीब 24,118 पात्र परिवारों को फिलहाल आवास आवंटन का इंतजार करना पड़ेगा। इसके लिए विकास खंडवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

किस्त मिलने के बाद शुरू हाेगा निर्माण

बैतालपुर में 184, बनकटा में 229, बरहज में 240, भागलपुर में 207, भलुअनी में 127, भटनी में 102, भाटपाररानी में 162, देवरिया सदर में 138, देसही देवरिया में 36, गौरीबाजार में 260, लार में 196, पथरदेवा में 171, रामपुर कारखाना में 82, रुद्रपुर में 473, सलेमपुर में 181 और तरकुलवा में 79 आवास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लाभार्थियों को तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली किस्त मिलने के बाद आवास निर्माण शुरू कराया जाएगा।

परियोजना निदेशक एवं डीडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पहले चरण में एक हजार लाभार्थियों के आधार और बैंक खातों का सत्यापन कराया जा रहा है। विवरण की फीडिंग पूरी होते ही उनके खातों में पहली किस्त की धनराशि भेज दी जाएगी।

2028-29 तक जारी रहेगी योजना

वर्ष 2024-25 में राज्य की पुरानी स्थायी पात्रता सूची संतृप्त हो जाने के कारण भारत सरकार से नया आवास लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 कराया गया।

इसी सर्वेक्षण के आधार पर नए लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। आवासहीन परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को पांच वर्ष के लिए विस्तार दिया गया है।

यह भी पढ़ें- PM आवास योजना: आजमगढ़ में 12 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को मिलेगा अपना घर, 2490 के खाते में पहुंचेगी पहली किस्त

यह भी पढ़ें- PM आवास योजना: बलरामपुर में 3339 परिवारों को मिलेंगे पक्के मकान, चयन प्रक्रिया तेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।