देवरिया के नारायणपुर में 54.58 करोड़ का नया बिजली उपकेंद्र, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से मिलेगी मुक्ति
देवरिया के नारायणपुर में 54.58 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण होगा। यह उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाएगा और लो-वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या को दूर करेगा।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
नारायणपुर में 54.58 करोड़ रुपये से बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र।
लो-वोल्टेज और बिजली ट्रिपिंग की समस्या से मिलेगी राहत।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही 22 नवंबर को भूमि पूजन करेंगे।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। नारायणपुर में 54.58 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी (2×40 एमवीए) विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसका शिलान्यास एवं भूमिपूजन 22 नवंबर को होगा।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भूमि पूजन करेंगे। कार्यक्रम में सांसद शशांक मणि त्रिपाठी मौजूद रहेंगे, जबकि प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा वर्चुअल माध्यम से जुड़कर क्षेत्रवासियों को संबोधित करेंगे।
उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से निर्मित होने वाले इस उपकेंद्र को क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में इस परियोजना को धरातल पर उतारा जा रहा है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में काफी दूर से बिजली की आपूर्ति होती थी। नारायणपुर में उपकेंद्र स्थापित होने से विद्युत आपूर्ति का स्रोत नजदीक हो जाएगा। इससे क्षेत्र को पर्याप्त बिजली मिल सकेगी और मरम्मत संबंधी कार्य भी आसानी से किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि उपकेंद्र बनने से ट्रांसमिशन लास में कमी आएगी। उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली ट्रिप होने की समस्या से राहत मिलेगी। आंधी-तूफान या तकनीकी खराबी के दौरान फाल्ट को कम समय में ठीक कर आपूर्ति बहाल करना भी आसान होगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद, प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़ें- देवरिया के किसानों के लिए खुशखबरी: 1020 मीट्रिक टन खाद बंटनी शुरू, छापेमारी भी तेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।