देवरिया की अक्षरा तिवारी का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन, गांव की गलियों से तय किया राष्ट्रीय टीम तक का सफर
देवरिया की अक्षरा तिवारी को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयनित किया गया है। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़ी अक्षरा ने पिता और भाई से क्रिकेट के गुर सीखकर यह मुकाम हासिल किया।

अक्षरा तिवारी। जागरण
HighLights
अक्षरा तिवारी का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ चयन।
देवरिया की अक्षरा ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से खेलकर पाई सफलता।
पिता और भाई ने सिखाए क्रिकेट के शुरुआती गुर, बनीं ऑलराउंडर।
जागरण संवाददाता, सलेमपुर, (देवरिया)। मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में उड़ान और इरादों में हौसला होता है। इस कहावत को सलेमपुर के पड़री तिवारी के राजस्व गांव मझवलिया की बेटी अक्षरा तिवारी ने सच कर दिखाया है। गांव की गलियों से क्रिकेट का ककहरा सीखने वाली अक्षरा अब भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वर्ष 2026 में टीम में उनका चयन उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण की बड़ी उपलब्धि है। बाएं हाथ की तेज गेंदबाज और आलराउंडर अक्षरा की इस कामयाबी ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे देवरिया जिले को गौरवान्वित कर दिया है।
अक्षरा की इस कामयाबी के पीछे किसी बड़े क्रिकेटिंग माहौल से ज्यादा परिवार का भरोसा और उनका अपना जुनून रहा है। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट का शौक था। पिता हरिशंकर तिवारी और भाई आराध्या तिवारी ने उन्हें खेल की शुरुआती बारीकियां सिखाईं। धीरे-धीरे शौक जुनून में बदला और अभ्यास उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया।
पिता ने हर कदम पर हौसला बढ़ाया तो अक्षरा ने भी अपनी प्रतिभा को तराशने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए), वडोदरा की ओर से खेलते हुए उन्होंने राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है।
देवरिया से वडोदरा तक तय किया सफर
अक्षरा की शुरुआती शिक्षा देवरिया के जीवन मार्ग स्कूल में हुई। यहां उन्होंने नर्सरी से यूकेजी तक पढ़ाई की। इसके बाद माता-पिता के साथ गुजरात के वडोदरा चली गईं। मांजलपुर स्थित श्रेयस विद्यालय में कक्षा एक से नौवीं तक शिक्षा ग्रहण की। बाद में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।
पढ़ाई के साथ क्रिकेट का अभ्यास भी जारी रखा। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़कर उन्होंने अपने खेल को नई धार दी। लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने में सफल रहीं।
पूर्व प्रधान पिता को बेटी पर नाज
अक्षरा के पिता हरिशंकर तिवारी गांव में दस वर्षों तक प्रधान रह चुके हैं। माता कविता गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि अक्षरा बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रही है। उसकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज उसे भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव अमीन ने भी अक्षरा को बधाई दी।
यह भी पढ़ें- देवरिया के किसानों के लिए खुशखबरी: 1020 मीट्रिक टन खाद बंटनी शुरू, छापेमारी भी तेज
उन्होंने कहा कि देवरिया की बेटी का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन होना पूरे बड़ौदा क्रिकेट परिवार के लिए गर्व की बात है। अपनी इस उपलब्धि पर अक्षरा ने माता-पिता को सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि पिता हमेशा उनका मार्गदर्शन करते रहे और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।