विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ले. जनरल श्रीप्रकाश मणि: सेना से संसद तक का सफर, सांसद बनकर उठाई देवरिया की आवाज, अटल ने दी थी शाबाशी

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:25 AM (IST)

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने सेना में देश की सेवा की और देवरिया से सांसद बनकर संसद में क्षेत्र की आवाज उठाई।

पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी (मध्य में) के साथ पूर्व सांसद स्व.श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी सबसे दाएं। सौ. इंटरनेट

पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी (मध्य में) के साथ पूर्व सांसद स्व.श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी सबसे दाएं। सौ. इंटरनेट

HighLights

  1. उप सेना प्रमुख के पद पर देश की सेवा की।

  2. देवरिया से दो बार सांसद, क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

  3. 2001 शेयर बाजार घोटाले की जांच वाली जेपीसी के अध्यक्ष रहे।

पवन कुमार मिश्र, देवरिया। जिंदगी के सफर में कुछ लोग अपनी पहचान पद व प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से छोड़ जाते हैं। लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी भी ऐसी ही शख्सियत थे। सेना की वर्दी पहनकर देश की सीमाओं की सेवा की तो राजनीति में आने के बाद संसद में देवरिया की आवाज बने।

सैन्य अनुशासन, गंभीर व्यक्तित्व व संसदीय अनुभव ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई। दीपावली के दिन रविवार को दिल्ली में उनके निधन की खबर आई तो जिले ने अपने उस जनप्रतिनिधि को याद किया, जिसने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।

डीआरडीओ में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका 

श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जीवन संघर्ष, अनुशासन व जिम्मेदारियों का सफर रहा। जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। अपनी कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता के बल पर वह उप सेना प्रमुख (डिप्टी चीफ आफ आर्मी स्टाफ) के पद तक पहुंचे। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। स्वदेशी मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन के विकास से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका रही।

देश के प्रति उनकी सेवाओं के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक और परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन की नई पारी शुरू की। भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर वर्ष 1996 में देवरिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर पहली बार लोकसभा पहुंचे।

यह देवरिया की राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव था, क्योंकि इसी चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत दर्ज की थी। वर्ष 1999 में भी जनता ने उन्हें संसद पहुंचाया। दो बार सांसद रहते हुए उन्होंने जिले का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी जगह बनाई।

जब अटल ने उठकर दी थी शाबाशी

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनके आत्मीय संबंधों के कई संस्मरण भी याद किए जाते हैं। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने एक बार बताया था कि अटल जी का व्यक्तित्व चुंबकीय था। वह नरम दिल इंसान थे। काम को गंभीरता से लेते थे, लेकिन खुद को नहीं। संसद में जब बोलने के लिए खड़े होते थे तो विपक्ष का गुस्सा भी शांत हो जाता था।

उन्होंने बताया था कि एक बार अटल जी ने उनसे परमाणु विस्फोट के पक्ष में संसद में बोलने के लिए भाषण तैयार करने को कहा। उन्होंने पूरी तैयारी के साथ करीब 35 मिनट तक सदन में अपनी बात रखी। भाषण समाप्त हुआ तो अटल जी अपनी सीट से उठकर उनके पास आए और हाथ मिलाकर शाबाशी दी।

अगले दिन सांसदों की बैठक में अटल जी ने पूछा कि आप लोग संसद में नहीं आते हैं। क्या आपने जनरल साहब का भाषण सुना? सभी सांसद खामोश रहे तो उन्होंने भाषण की कापी लेकर पढ़ने की सलाह दी। यह प्रसंग उनके संसदीय जीवन की यादगार उपलब्धियों में शामिल रहा।

शेयर बाजार घोटाले की जांच की मिली बड़ी जिम्मेदारी

वर्ष 2001 में जब देश का शेयर बाजार बड़े वित्तीय विवादों और अनियमितताओं से घिरा था, तब संसद ने इसकी जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित की। 26 अप्रैल 2001 को समिति के गठन का प्रस्ताव पारित हुआ और अगले दिन तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष जीएमसी बालयोगी ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को 30 सदस्यीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।

यह उनके संसदीय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक थी। समिति को शेयर बाजार में हेरफेर, इनसाइडर ट्रेडिंग, बैंकों के भुगतान आदेशों से जुड़ी गड़बड़ियों और नियामक संस्थाओं की भूमिका की जांच करनी थी।

केतन पारेख प्रकरण के साथ यूनिट ट्रस्ट आफ इंडिया की यूएस-64 योजना से जुड़े संकट की भी पड़ताल हुई। करीब 18 माह तक चली जांच के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट संसद में पेश की। 19 दिसंबर 2002 को लोकसभा में रखी गई इस रिपोर्ट पर अध्यक्ष के रूप में श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के हस्ताक्षर दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- DRDO के पास पहुंचा बनारस की छोटी सी साइंट‍िस्‍ट का बड़ा प्रोजेक्‍ट, अप्रूवल म‍िला तो देश का नाम होगा रोशन

यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी पंचतत्व में विलीन, CM योगी ने दी श्रद्धांजलि; अंतिम यात्रा में जनसैलाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।