पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी पंचतत्व में विलीन, CM योगी ने दी श्रद्धांजलि; अंतिम यात्रा में जनसैलाब
पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष एवं देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सरयू तट पर राजकीय सम्मान के साथ ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देवरिया। पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष एवं देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बरहज में सरयू नदी के तट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े पुत्र एवं देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने मुखाग्नि दी।
इस दौरान ‘श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी अमर रहें’ के नारों से सरयू तट गूंज उठा। इसके पूर्व उनके पैतृक गांव बरपार से अंतिम यात्रा निकाली गई। सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड आफ आनर देकर अंतिम सलामी दी। सैन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में हेलीकाप्टर से उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी समेत अन्य स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
करीब 15 मिनट तक गांव में रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के सैन्य और राजनीतिक जीवन में योगदान को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि देश के प्रति उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक गांव में रहे। इसके बाद गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष का रविवार को नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में सुबह 11:15 बजे निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बैतालपुर विकास खंड के बरपार गांव के मूल निवासी श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन की सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई थी।
सोमवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सैन्य सेवा से राजनीति तक बनाई विशिष्ट पहचान
13 अक्टूबर 1934 को जन्मे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने एमएससी (डिफेंस स्टडीज) की शिक्षा प्राप्त की थी। जून 1955 में भारतीय सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर उन्होंने सैन्य जीवन की शुरुआत की। जम्मू-कश्मीर में सेवाएं देने के बाद फरवरी 1957 में वह 63 कैवेलरी में शामिल हुए। वर्ष 1964-65 के दौरान नागालैंड में स्क्वाड्रन कमांडर के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने बांग्लादेश मोर्चे पर सैन्य कमान संभाली। युद्ध में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। वर्ष 1976 में मिजोरम में काउंटर इंसर्जेंसी आपरेशन में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारी निभाई। सैन्य सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए वर्ष 1992-93 में उप थल सेनाध्यक्ष के पद तक पहुंचे और देश की सेवा की।
उनकी विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा पदक और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा।
देवरिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर दो बार लोकसभा पहुंचे
भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 1996 और 1999 में देवरिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर दो बार लोकसभा पहुंचे। सैन्य अनुशासन, प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता के जरिए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। परिवार में पत्नी शशि त्रिपाठी, पुत्र एवं सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, व्यवसायी मृगांक मणि त्रिपाठी और पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।