UP News: देवरिया में बड़ा हादसा, ईंट-भट्ठे की दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत, तीन लोग घायल
घटना रामपुर कारखाना क्षेत्र के बभनौली स्थित एक ईंट- भट्ठे का है। यहां निर्माण कार्य के दौरान अचानक भट्ठे की दीवार गिर गई। जिसके मलबे में दबकर दो की मौ ...और पढ़ें

देवरिया, जागरण संवाददाता। देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में स्थित ईंट-भट्ठे की दीवार शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे गिर गई। मलबे में दबने से दो मजदूरों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर छत्तीसगढ़ के बताए जा रहे हैं। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उनका इलाज चल रहा है।
यह है पूरा मामला
बभनौली गांव में स्थित एमएमटी ईंट-भट्ठे में पकाए गए ईंटों को निकालने के काम में करीब 12 से अधिक मजदूर जुटे थे। अचानक ईंट-भट्ठे की दीवार ढ़हने लगी। यह देखकर काम कर रहे मजदूर विलासपुर जिले के पचपेठी थानाक्षेत्र के भिलौनी गांव के रहने वाले हरिनाथ पुत्र धनीराम ने शोर मचाया व दूसरे मजदूरों को भागने के लिए कहा। इसी बीच ईंटों की दीवार मजदूरों के ऊपर ढ़ह गई, जिसमें हरिनाथ समेत पांच मजदूर दब गए।
इनकी हुई मौत
कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने ईंटों को हटाकर घायल मजदूरों को बाहर निकाला व महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हरिनाथ व जिला बलौदा बाजार के कसडोल थानाक्षेत्र के लवन निवासी 36 वर्षीय छोटू यादव पुत्र मोहित राम को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भर्ती घायल महिला
(1).jpg)
ये लोग हुए घायल
उधर, छत्तीसगढ के मुंगेली जिले के संजाव थानाक्षेत्र के बऊरी गांव की रहने वाली जमोत्री पत्नी महावीर, विलासपुर जिले के पचपेरी थानाक्षेत्र के भलौनी गांव की सरोजनी पत्नी बलदेव, बलौदा बाजार जिले के थानाक्षेत्र कसगुल थानाक्षेत्र के लवन गांव की रहने वाली सीमा पत्नी यशवंत घायल हो गई। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
सीओ ने इमरजेंसी पहुंचकर ली जानकारी
हादसे की जानकारी होने पर सीओ श्रीयश त्रिपाठी महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से इलाज के बारे में पूछा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व पहुंचे ईंट-भट्ठे पर, ली जानकारी
एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह हादसे की जानकारी होने पर बभनौली गांव पहुंचे। उन्होंने ईंट-भट्ठे पर दीवार गिरने के बारे में जानकारी ली। साथ ही मजदूरों को प्रदेश सरकार की तरफ से आर्थिक सहयोग का आश्वासन दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।