शादी के जश्न में मुंह लटकाए बैठे थे पति और पत्नी, शक होने पर बुलाई गई पुलिस, फिर जो हुआ… हक्के बक्के रह गए रिश्तेदार!
देवरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक दंपती ने अपने मंदबुद्धि बेटे को ठीक करने के लिए एक नाबालिग बालिका अनुष्का की बलि देने के लिए हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारे दंपती को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया है। यह घटना अंधविश्वास और तंत्र मंत्र के प्रभाव को दर्शाती है जिसके कारण एक निर्दोष बालिका की जान चली गई।
जागरण संवाददाता, देवरिया। अंधविश्वास में अपने मंदबुद्धि बेटे को ठीक करने के लिए बालिका अनुष्का की दंपती ने बलि देने के लिए हत्या की थी। सोमवार को पुलिस ने हत्यारे दंपती को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया।
साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े समेत अन्य सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। उधर घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी ने 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
यह है पूरा मामला
भटनी क्षेत्र के ग्राम भरहेचौरा निवासी अवधेश यादव की बेटी अनुष्का यादव मंगलवार को अपनी दादी के मायके बेहराडाबर में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, जहां उसकी हत्या कर दी गई।
एसपी संकल्प शर्मा ने पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि अवधेश यादव का मामा शेषनाथ यादव व उसकी पत्नी सविता यादव को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
दोनों ने बताया है कि वह उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहते हैं। उसका बेटा संजय मंदबुद्धि है। सविता पूजा-पाठ करती है और उसका कहना है कि उसके ऊपर देवी आती हैं। शारदीय नवरात्र में उसके ऊपर देवी आई और कहा कि किसी नाबालिग की बलि दे देगी तो उसका बेटा संजय ठीक हो जाएगा। यह बात सविता ने अपने पति को बताया, लेकिन वह तैयार नहीं हो रहा था।
शेषनाथ के भाई के यहां मंगलवार को बरात आने वाली थी, उसमें हिस्सा लेने के लिए अनुष्का अपनी दादी के साथ गई थी। नए घर से कार्यक्रम हो रहा था। पुराने घर में शेषनाथ व उसकी पत्नी थी।
शाम को अनुष्का पुराने घर पर पहुंची तो शेषनाथ ने बिस्कुट खिलाने की बात कह कर उसे रोक लिया और फिर दोनों ने मिलकर रात को लगभग सात से आठ बजे के बीच में गला काट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद ऊनी शाल में लपेट कर शेषनाथ बालिका अनुष्का के शव को फेंक आया।
ऐसे पकड़े गए दंपती
घटना के बाद से ही दोनों वैवाहिक कार्यक्रम में ठीक से शरीक नहीं हुए। उनके चेहरे पर उल्लास भी नजर नहीं आ रहा था। जब उसकी शाल बरामद हुई तो पुलिस सीधे पुराने घर की तरफ बढ़ गई।
घर में ईंट सजाकर पूजा करने के लिए बनाया गया था, वहां नारियल, फूल, सिंदूर के साथ ही कुछ खून के छींटे थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उठा लिया। पुलिस पूछताछ में अंतिम बार उसी घर में अनुष्का के देखे जाने की बात सामने आई थी।
बेटे की शादी तय होने के बाद से परेशान थी सविता
शेषनाथ को दो बेटे हैं। संजय मंदबुद्धि का है। उसकी शादी सविता ने बिहार में तय कर दी थी। शादी तय होने के बाद से ही वह बेटे को ठीक करने के चक्कर में पड़ गई थी, ताकि उसके बेटे को कोई दिक्कत न हो। उसने अपनी ननद की नातिन को ही बेटे को ठीक करने के लिए बलि चढ़ा दिया।
सविता का कहना था कि देवी मां ने बताया कि कई जगह से खून देना होगा, इसलिए वह पहले गले, फिर हाथ, पेट समेत अन्य जगहों से काट-काट कर खून गिराया। अब दोनों को अंजाम देने के बाद पछतावा हो रहा है।
यू-ट्यूब से सीखा तंत्र मंत्र
सविता का कहना है कि उसका तंत्र मंत्र सीखने का कोई गुरु नहीं है। उसने यू-ट्यूब से तंत्र मंत्र सीखी है। उसके अनुसार उसके ऊपर देवी मां आने लगी। वह गांव में आने पर कुछ लोगों की झाड़ फूंक भी करती रहती थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।