देवरिया के भटनी में पूर्व प्रधान का शव बरामद पुलिस जांच में जुटी
देवरिया के भटनी में चांदपार पुल के पास एक पूर्व प्रधान का शव सड़क किनारे मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
चांदपार पुल के पास पूर्व प्रधान का शव मिला।
मृतक की पहचान संजय प्रसाद उर्फ श्यामा के रूप में हुई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, भटनी। चांदपार पुल के पास रविवार को सड़क किनारे पूर्व प्रधान का शव बरामद किया गया। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान पंडरी बनमाली गांव निवासी संजय प्रसाद उर्फ श्यामा (50) पुत्र शिवदेनी प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय प्रसाद शनिवार सुबह घर से निकले थे। वह चांदपार स्थित एक विद्यालय में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। इसके साथ ही वह गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे।
शव मिलने की सूचना पर खुखुंदू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।