देवरिया में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत, रेफर के नाम पर घंटों एंबुलेंस में शव को घुमाया
देवरिया के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत के बाद प्रबंधन ने शव को रेफर के नाम पर घंटों एंबुलेंस में घुमाया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल को सील कर दिया, जिससे मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
देवरिया में ऑपरेशन के दौरान मरीज हुसैन की मौत हुई।
अस्पताल ने शव को रेफर के बहाने घंटों घुमाया।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल सील, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। शहर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत के बाद मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मौत के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी और रेफर करने के नाम पर शव को घंटों एंबुलेंस में घुमाता रहा।
मृतक की बहन को भी एंबुलेंस में बैठाए रखा गया। दोपहर से देर रात तक देवरिया से हाटा तक एंबुलेंस दौड़ती रही। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने एंबुलेंस को पांडेयचक के पास रुकवाया। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे सील कर दिया।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामपुर महुआबारी बेलहां गांव निवासी अली अहमद के पुत्र हुसैन दो दिन पहले ही दुबई से घर लौटे थे। उन्हें हर्निया की शिकायत थी। गुरुवार को वह अपनी बहन सितारा खातून के साथ आपरेशन कराने जिला मुख्यालय स्थित बालाजी मंदिर के पास आरके शर्मा अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे आपरेशन के दौरान ही आपरेशन थिएटर में हुसैन की मौत हो गई।
आरोप है कि मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी परिजनों को देने के बजाय रेफर करने की बात कही और शव को एंबुलेंस में रखवा दिया। मृतक की बहन सितारा खातून को भी एंबुलेंस में बैठा लिया गया। इसके बाद दोपहर से देर रात तक एंबुलेंस को देवरिया से हाटा तक दौड़ाया जाता रहा। इस दौरान परिजन जब फोन पर सितारा खातून से बात करना चाहते थे तो एंबुलेंस में मौजूद अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें बात नहीं करने दी।
यह भी पढ़ें- देवरिया कलेक्ट्रेट आर्काइव रिकॉर्ड से 4 साल की खतौनी गायब, इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर बैठी जांच
इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को हुई तो उन्होंने किसी तरह सितारा खातून से संपर्क किया। इसके बाद एंबुलेंस का पीछा करने के साथ ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से पांडेयचक के पास एंबुलेंस को रुकवाया गया।
इसके बाद शव को अस्पताल लाया गया। वहां पुलिस क्षेत्राधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया। हुसैन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके तीन मासूम बच्चे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।