देवरिया में उग्रसेन सेतु बंद होने से शादी-विवाह में बढ़ी मुश्किलें, 115 किमी का चक्कर लगाने को मजबूर लोग
रामजानकी मार्ग पर उग्रसेन सिंह सेतु बंद होने से शादी-विवाह के सीजन में लोगों को 115 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। पुल की मरम्मत का काम जारी है, लेकिन अगले दो माह तक आवागमन सामान्य होने की उम्मीद नहीं है, जिससे मुश्किलें बनी रहेंगी।
-1795161974904_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
पुल बंद होने से शादी-विवाह में लोगों को परेशानी।
यात्रियों को 115 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा।
उग्रसेन सेतु की मरम्मत में अभी दो माह और लगेंगे।
संवाद सूत्र, कपरवार। रामजानकी मार्ग पर राप्ती नदी स्थित उग्रसेन सिंह सेतु पर आवागमन बंद होने से शादी-विवाह के सीजन में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुल बंद होने की जानकारी नहीं होने के कारण लोग लंबी दूरी तय कर कपरवार पहुंच रहे हैं। बड़हलगंज से पटना चौकी पहुंचने के बाद पुल बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस बड़हलगंज लौटना पड़ रहा है।
इसके बाद रुद्रपुर मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 115 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे शादी-विवाह में शामिल होने जा रहे लोगों को समय और ईंधन की बर्बादी के साथ ही काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उधर, पुल की मरम्मत का काम तेजी से जारी है, लेकिन अगले दो माह तक आवागमन सामान्य होने की उम्मीद नहीं है।
लखनऊ से आई विशेषज्ञ तकनीकी टीम की देखरेख में पुल के क्षतिग्रस्त छह डेकों की मरम्मत चरणबद्ध तरीके से कराई जा रही है। वर्तमान में पहले, तीसरे और पांचवें स्पैन के बीच तीन डेकों पर काम चल रहा है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए 100 मीटर लंबे आधुनिक कंक्रीट पंप से ढलाई कराई जा रही है। एक डेक की ढलाई छह नवंबर को पूरी हो चुकी है। वहीं, गुरुवार की रात तीसरे और छठवें डेक पर भी कंक्रीट की ढलाई पूरी कर ली गई।
तीसरे और चौथे हिस्से में शटरिंग व चैनल का काम पूरा हो चुका है, जबकि पांचवें हिस्से में शुक्रवार से शटरिंग शुरू होगी। शेष तीन डेकों की मरम्मत की तैयारी भी चल रही है। तकनीकी मानकों के अनुसार, पहले डेक की ढलाई के करीब 21 दिन बाद ही कंक्रीट पर्याप्त मजबूती हासिल कर सकेगा। इसके बाद ही पुल पर आवागमन शुरू होने की संभावना है।
16 जुलाई से बंद है आवागमन
उल्लेखनीय है कि 16 जुलाई को उग्रसेन सिंह सेतु में पहली बार खराबी आई थी। मरम्मत के बाद आवागमन शुरू हुआ ही था कि डेक में दोबारा छेद होने के कारण पुल पर वाहनों का संचालन बंद करना पड़ा। शुरुआत में एक डेक की मरम्मत कराई जा रही थी, लेकिन तकनीकी जांच में पांच अन्य डेकों में भी दरारें मिलने के बाद सभी छह डेकों की मरम्मत का निर्णय लिया गया। ऐसे में शादी-विवाह के सीजन में राहगीरों को अभी करीब दो माह तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।