Deoria News: नवविवाहिता की मौत मामले में छह के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही जांच
भिंगारी बाजार में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ससुराल पक्ष का कहना है कि मृत्यु बीमारी से हुई है।

जागरण संवाददाता, भिंगारी बाजार। भिंगारी बाजार टोला बंधी बारी में रविवार को एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के बाद सोमवार की रात्रि 8 बजे जब शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो मायके वालों ने दाह संस्कार कराने से इंकार कर दिया।
थानाध्यक्ष खामपार दिग्विजय सिंह के समझाने व निष्पक्ष कार्रवाई के बाद वें मानें तथा तीन घंटा बाद शव का अंतिम संस्कार हुआ।मृतका के पिता संजय सिंह के तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
बिहार के सिवान जनपद अंतर्गत नौतन थाना क्षेत्र के भगवानपुर के रहने वाले मृतका के पिता संजय सिंह ने बताया कि पुत्री रोमा की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उसके गले पर चोट के निशान थे।
ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा हमलोगों को बताया गया कि वह बीमार है तथा उसका उपचार चल रहा है लेकिन घर जाने पर पता चला कि उसकी मृत्यु हो गयी है। स्वजन का कहना था कि रोमा की शादी मृत्युंजय पुत्र क्रांति के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी।पहले भी उसके साथ मारपीट की जा रही थी।
मृतका के पिता संजय सिंह ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उसकी मृत्यु बीमारी के चलते हुई है।
थानाध्यक्ष खामपार दिग्विजय सिंह ने कहा तहरीर के आधार पर छह लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारणों का पता लगेगा।ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।