देवरिया-बिहार मार्ग पर बढ़ा संकट, उग्रसेन सेतु की मरम्मत में लगेंगे दो और महीने
देवरिया में राम-जानकी मार्ग पर स्थित उग्रसेन सेतु के छह डेकों की मरम्मत में दो माह से अधिक का समय ...और पढ़ें

छह में से तीन डेकों पर चल रहा काम, एक की ढलाई पूरी तो दूसरे पर शटरिंग का कार्य पूरा। जागरण
HighLights
उग्रसेन सेतु के छह डेकों की मरम्मत में दो माह लगेंगे।
बड़े वाहनों का आवागमन बंद, केवल दोपहिया वाहन अनुमत।
देवरिया-बिहार कनेक्टिविटी प्रभावित, लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही।
संवाद सूत्र, कपरवार, (देवरिया)। राम-जानकी मार्ग पर कपरवार स्थित उग्रसेन सेतु की बदहाली दूर होने में अभी दो माह से अधिक का समय लगेगा। पुल के छह डेकों में खराबी मिलने के बाद मरम्मत कार्य चल रहा है। फिलहाल तीन डेकों पर काम हो रहा है, जबकि शेष तीन पर मरम्मत शुरू होना बाकी है।
ढलाई के बाद कंक्रीट को निर्धारित समय तक मजबूत होने देने और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के चलते आवागमन जल्द सामान्य होने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
बिहार सहित देवरिया के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र को पूर्वांचल के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण सेतु में 16 जुलाई को पहली बार खराबी आई थी। मरम्मत के बाद आवागमन शुरू कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद डेक में फिर छेद होने से वाहनों का संचालन रोकना पड़ा। लखनऊ से पहुंची तकनीकी टीम की जांच में एक के अलावा पांच अन्य डेकों में भी दरारें मिलीं। इसके बाद सभी छह डेकों की मरम्मत कराना जरूरी हो गया।
वर्तमान में तीन डेकों पर मरम्मत कार्य चल रहा है। एक डेक पर कंक्रीट की ढलाई पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे पर शटरिंग का काम पूरा कर लिया गया है। तीसरे डेक का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए पुल पर लोहे के गार्डर और अन्य निर्माण सामग्री रखकर श्रमिक उन्हें काटने और तैयार करने में जुटे हैं। शेष तीन डेकों पर काम शुरू होने में अभी समय लगेगा।
यह भी पढ़ें- मत्स्य पालन में क्रांति: देवरिया में 92 प्रतिशत बढ़ा मछली उत्पादन, आंध्र-तेलंगाना पर घट रही निर्भरता
छठवें डेक पर ढलाई के करीब 21 दिन बाद ही वाहनों का संचालन शुरू किया जा सकेगा। दूसरे और तीसरे डेक पर भी शटरिंग और चैनल का काम चल रहा है। ढलाई के बाद निर्धारित अवधि तक इंतजार करना होगा। ऐसे में पुल पर आवागमन सामान्य होने में दो माह से अधिक का समय लग सकता है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में युवक की मौत पर भड़का गुस्सा, पुलिस चौकी पर शव रखकर प्रदर्शन
उग्रसेन सेतु बिहार और देवरिया के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है। बड़े और चार पहिया वाहनों का संचालन बंद होने से लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ रोजमर्रा के आवागमन पर भी असर पड़ रहा है। लोगों को अब मरम्मत पूरी होने और पुल पर आवागमन सामान्य होने का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।