विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में युवक की मौत पर भड़का गुस्सा, पुलिस चौकी पर शव रखकर प्रदर्शन

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:40 PM (IST)

देवरिया में मारपीट में घायल युवक राजू ठाकुर की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत के बाद आक्रोश फैल गया। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. युवक राजू ठाकुर की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत।

  2. ग्रामीणों ने भिंगारी पुलिस चौकी पर शव रखकर प्रदर्शन किया।

  3. पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, भिंगारी बाजार, (देवरिया)। मारपीट में घायल युवक की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत के बाद मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही स्वजन और ग्रामीणों ने आरोपितों के एनकाउंटर की मांग को लेकर शव भिंगारी पुलिस चौकी पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान ग्रामीण आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

सूचना पर सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार समेत सर्किल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ ने आक्रोशित स्वजन को समझाकर शव घर भिजवाया, लेकिन वहां भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। वे जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्वजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इस दौरान गांव में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि खामपार थाना क्षेत्र के करौदा मायापुर निवासी राजू ठाकुर (28) को रविवार रात इंजेक्शन लगाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसके बाद देशी शराब और बीयर की दुकान के पास उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले गए थे। सोमवार को केजीएमयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- देवरिया: ससुराल में रह रहे प्लंबर मिस्त्री की संदिग्‍ध हाल में मौत, स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के भाई संजय ठाकुर की तहरीर पर पुलिस ने करौदा गांव निवासी गोबिंद पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा, धीरज पुत्र रमेश कुशवाहा, ओमप्रकाश पुत्र रामाश्रय, सुनील वर्मा पुत्र जयप्रकाश वर्मा और संतोष पुत्र शारदा कुशवाहा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस नामजद आरोपितों समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने लाया गया था। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- देवरिया के नरायनपुर में 53.40 करोड़ का बिजली ट्रांसमिशन उपकेंद्र निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।