देवरिया के नरायनपुर में 53.40 करोड़ का बिजली ट्रांसमिशन उपकेंद्र निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी राहत
देवरिया के नरायनपुर में 53.40 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन उपकेंद्र का निर्माण शुरू हो गया ...और पढ़ें

HighLights
नरायनपुर में 53.40 करोड़ का विद्युत ट्रांसमिशन उपकेंद्र बन रहा।
तरकुलवा, पथरदेवा, बघौचघाट को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रस्ताव पर कार्य शुरू।
जागरण संवाददाता, तरकुलवा, (देवरिया)। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। नरायनपुर में 53.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 132/33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन उपकेंद्र की चहारदीवारी का निर्माण शुरू हो गया है। इससे तरकुलवा, पथरदेवा और बघौचघाट क्षेत्र के उपभोक्ताओं में बेहतर बिजली आपूर्ति की उम्मीद जगी है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रस्ताव पर शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ है। नया उपकेंद्र बनने से लंबी विद्युत लाइनों का दबाव कम होगा और लो-वोल्टेज व बार-बार ब्रेकडाउन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में तरकुलवा, बघौचघाट और महुआडीह के 132 केवी उपकेंद्रों को कसया से बिजली आपूर्ति की जाती है। इनकी दूरी करीब 35 से 40 किलोमीटर है। वहीं, पथरदेवा का 33 केवी उपकेंद्र देवरिया के पुरनाछापर स्थित 132 केवी उपकेंद्र से संचालित होता है। इसकी दूरी भी करीब 38 किलोमीटर है। लंबी लाइनों के कारण आए दिन फाल्ट, लो-वोल्टेज और ब्रेकडाउन की समस्या बनी रहती है।
क्षेत्रीय लोगों की मांग पर कृषि मंत्री ने शासन से नरायनपुर में नया ट्रांसमिशन उपकेंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा था। हालांकि, शुरुआती दौर में भूमि संबंधी अड़चनों के चलते परियोजना की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। अब व्यवधान दूर होने के बाद चहारदीवारी का निर्माण शुरू होने से परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वाराणसी की ओर से बघौचघाट, पथरदेवा और महुआडीह के 33 केवी उपकेंद्रों को प्रस्तावित नरायनपुर उपकेंद्र से जोड़ने के लिए बिजनेस प्लान के तहत नई 33 केवी लाइनों का निर्माण भी प्रस्तावित है। नरायनपुर उपकेंद्र कसया से करीब 16.20 किलोमीटर की दूरी पर बनेगा। परियोजना की अनुमानित लागत 53.40 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य की निगरानी अवर अभियंता लवलेश सिंह कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जब सीएम योगी ने तोड़ा प्रोटोकाल, पूर्व सांसद की अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री के चेहरे पर दिखी आत्मीयता
इन क्षेत्रों को मिलेगी राहत
नया ट्रांसमिशन उपकेंद्र चालू होने के बाद तरकुलवा, बघौचघाट और पथरदेवा के उपकेंद्रों की दूरी कम हो जाएगी। साथ ही कसया से महुआडीह और पुरनाछापर से पथरदेवा उपकेंद्र तक बिजली आपूर्ति का मौजूदा दबाव भी घटेगा। इससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलने की उम्मीद है।
नरायनपुर में नया ट्रांसमिशन उपकेंद्र स्थापित करने के लिए शासन से स्वीकृति मिलने के बाद शुरुआती चरण में चहारदीवारी का निर्माण शुरू करा दिया गया है।
-सुजीत गुप्ता, अधिशासी अभियंता] विद्युत माध्यमिक कार्यखंड गोरखपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।