विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब सीएम योगी ने तोड़ा प्रोटोकाल, पूर्व सांसद की अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री के चेहरे पर दिखी आत्मीयता

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:39 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी की अंतिम यात्रा में प्रोटोकॉल तोड़कर उनकी पत्नी शशि त्रिपाठी का इंतजार किया।

बरपार गांव में पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि के अंतिम विदाई के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग

बरपार गांव में पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि के अंतिम विदाई के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग

HighLights

  1. सीएम योगी ने पूर्व सांसद की पत्नी का इंतजार किया।

  2. मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल तोड़कर मानवीय संवेदनाएं दिखाईं।

  3. देवरिया में शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया।

पवन कुमार मिश्र, देवरिया। बरपार गांव में सोमवार की दोपहर माहौल गमगीन था। हर चेहरा उदास व हर आंखें नम थीं। पूर्व उप थलसेनाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का पार्थिव अंतिम दर्शन के लिए उनके दरवाजे पर रखा था। देश की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले इस सैन्य अधिकारी को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे।

इसी बीच शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यवहार ने सभी का ध्यान खींचा। वह प्रोटोकाल की परवाह किए बिना श्रीप्रकाश मणि की जीवनसंगिनी शशि त्रिपाठी के आने की प्रतीक्षा करते रहे। उनके पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाया। पूरे समय मुख्यमंत्री के चेहरे पर शोक के भाव झलकते रहे। आगमन से विदाई तक वह लगभग खामोश रहे। उनकी यह खामोशी भी बहुत कुछ बयां कर रही थी।

समय से पहले पहुंचा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर

मुख्यमंत्री का दोपहर 12:35 बजे बरपार पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन उनका हेलीकॉप्टर 12:15 बजे ही गांव में उतर गया। करीब 12:20 बजे वह कार से श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के दरवाजे पर पहुंचे।

तिरंगे में लिपटे पार्थिव पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्वजन से मिलने घर के भीतर दाखिल हुए। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, उनके छोटे भाई मृगांक मणि व परिवार के अन्य सदस्य वहां मौजूद थे।

इसी दौरान मुख्यमंत्री को जानकारी मिली कि श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी की धर्मपत्नी शशि त्रिपाठी गोरखपुर एयरपोर्ट से बरपार पहुंचने वाली हैं। मुख्यमंत्री उनसे भी मिलना चाहते थे, इसलिए वे रूक गए। शशि त्रिपाठी के वाहन को घर तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया। रास्ते में जगह-जगह बैरिकेडिंग थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों को वायरलेस से संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए कि शशि त्रिपाठी के वाहन को कहीं रोका न जाए और उसे सीधे दरवाजे तक पहुंचने दिया जाए। इसी बीच सांसद के रिश्तेदार पुष्कर शर्मा और सुरेंद्र शर्मा भी मुंबई से पहुंचे। उन्हें भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद कक्ष में ले जाया गया।

मां का हाथ थामकर कमरे में ले गए मृगांक

दोपहर 12:50 बजे शशि त्रिपाठी का वाहन घर के दरवाजे पर पहुंचा। छोटे पुत्र मृगांक मणि त्रिपाठी ने मां का हाथ थामा व उन्हें सहारा देकर कमरे में ले गए। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे मुलाकात की व इस अपार दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वहां मौजूद स्वजन भी इस भावुक क्षण के साक्षी बने।

मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि के पुत्र सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, मृगांक मणि त्रिपाठी, पुत्री शिप्रा त्रिपाठी, बहुओं गौरी व नेहा त्रिपाठी, पौत्रियों तारिणी व ईशा तथा पौत्र सूर्यांश व शौर्य व अन्य सदस्यों से मुलाकात की व संवेदना व्यक्त की। दोपहर 12:54 बजे मुख्यमंत्री कमरे से बाहर निकले व हेलीपैड के लिए रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें- देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी पंचतत्व में विलीन, CM योगी ने दी श्रद्धांजलि; अंतिम यात्रा में जनसैलाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।