देवरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष और देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने उनके सैन्य और राजनीतिक जीवन को सादगी, व्यावहारिकता और दृढ़ संकल्प का उदाहरण बताया, राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को अविस्मरणीय कहा।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी।
त्रिपाठी पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष और देवरिया के दो बार सांसद रहे।
उनका जीवन सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण था।
एसके सिंह, देवरिया। पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष और देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन से देश ने सैन्य और राजनीतिक जीवन की एक ऐसी शख्सियत खो दी, जिसने हर भूमिका में राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा। सोमवार को उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शोकाकुल स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य और राजनीतिक जीवन सादगी, व्यावहारिकता और दृढ़ संकल्प का उदाहरण रहा। उन्होंने जीवनभर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने पत्नी शशि त्रिपाठी, पुत्र और सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, व्यवसायी मृगांक मणि त्रिपाठी और पुत्री शिप्रा त्रिपाठी समेत अन्य स्वजन से मुलाकात की। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के व्यक्तित्व और उनसे जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भी उनके साथ सांसद के रूप में कार्य करने का अवसर मिला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार उनके अपने परिवार की तरह है।
दुख की इस घड़ी में वह पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल स्वजन व शुभचिंतकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
हेलीपैड से सीधे आवास पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्धारित समय से 15 मिनट पहले ही दोपहर 12:15 बजे हेलीकाप्टर से बरपार पहुंच गए। उनके आगमन को देखते हुए गांव के बाहर खेत में अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया था। वहां से कार से वे सीधे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के आवास पहुंचे और करीब 34 मिनट तक रहे। इसके बाद हेलीकाप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
92 वर्षीय श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार सुबह 11:15 बजे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार सुबह करीब दस बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरपार पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
युद्धभूमि से सेना के शीर्ष पद तक, फिर संसद में देवरिया का प्रतिनिधित्व
13 अक्टूबर 1934 को जन्मे श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने एमएससी (डिफेंस स्टडीज) की शिक्षा प्राप्त की थी। जून 1955 में भारतीय सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर सैन्य जीवन की शुरुआत की। जम्मू-कश्मीर में सेवाएं देने के बाद फरवरी 1957 में 63 कैवेलरी में शामिल हुए। वर्ष 1964-65 के दौरान नागालैंड में स्क्वाड्रन कमांडर की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में बांग्लादेश मोर्चे पर सैन्य कमान संभाली। वर्ष 1976 में मिजोरम में उग्रवाद विरोधी अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सैन्य सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए वह वर्ष 1992-93 में उप थल सेनाध्यक्ष के पद तक पहुंचे। विशिष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा पदक और वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किए गए। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में कदम रखा। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 1996 और 1999 में देवरिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर दो बार लोकसभा पहुंचे। सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक जीवन में सक्रियता उनकी पहचान रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।