विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मत्स्य पालन में क्रांति: देवरिया में 92 प्रतिशत बढ़ा मछली उत्पादन, आंध्र-तेलंगाना पर घट रही निर्भरता

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:35 PM (IST)

देवरिया जिले में सात वर्षों में मछली उत्पादन 92.26 प्रतिशत बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है, जिससे आंध्र प्रदेश और ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सात वर्षों में मछली उत्पादन 92.26% बढ़कर दोगुना हुआ।

  2. आधुनिक तकनीकों, तालाबों से स्थानीय उत्पादन में वृद्धि हुई।

  3. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना से मछली की आवक में कमी आई।

पवन कुमार मिश्र, देवरिया। जिले में सात वर्षों में मछली उत्पादन 92.26 प्रतिशत बढ़कर लगभग दोगुणा हो गया है। ग्राम सभा व निजी तालाबों के साथ आधुनिक तकनीक से मत्स्य पालन का दायरा बढ़ने से स्थानीय उत्पादन में वृद्धि हुई है। जिसके कारण आंध्र प्रदेश व तेलंगाना से पहले की तुलना में मछली की आवक घटी है।

वर्ष 2018-19 में जिले में 13,470.21 टन मछली का उत्पादन हुआ था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 25,897.37 टन पहुंच गया। इस दौरान 12,427.16 टन की वृद्धि हुई। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में भी उत्पादन 4,645.23 टन बढ़ा, जो 21.86 प्रतिशत अधिक है।

35 लाख की आबादी में 17.50 लाख करते हैं मछली का सेवन
इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) की रिपोर्ट के अनुसार, जिले की करीब 50 प्रतिशत आबादी यानी 17.50 लाख लोग मछली का सेवन करते हैं। जिले में मछली की खपत करीब 42 हजार टन है। मांग पूरी करने के लिए गोरखपुर, महराजगंज व सिद्धार्थनगर समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों से आपूर्ति होती है। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा व तेलंगाना के हैदराबाद से भी पंगासियस समेत अन्य प्रजातियों की मछलियां मंगाई जाती हैं। बाहर से पंगासियस की करीब 250 टन सालाना आपूर्ति होती है।

ग्राम सभा के तालाब मत्स्य पालन का आधार
वर्ष 2025-26 तक जिले में कुल 3,432 मत्स्य संसाधन उपलब्ध हैं। इनका क्षेत्रफल 1,815.58 हेक्टेयर है। इनमें 2,875 ग्राम सभा के तालाब 1,448.37 हेक्टेयर व 491 निजी तालाब 336.45 हेक्टेयर में फैले हैं। नगरीय क्षेत्रों में भी 17 तालाब हैं, जिनका क्षेत्रफल 12.56 हेक्टेयर है। इसके अलावा चार बड़ी, नौ मध्यम व 22 छोटी समेत 35 आरएएस (रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम) इकाइयां हैं। जिले में 13 मत्स्य बीज पालन इकाइयां व एक विभागीय मत्स्य फार्म भी है।

image - 2026-11-11T153228.641

19 प्रजातियों का हो रहा पालन
जिले में रोहू, कतला, मृगल, कामन कार्प, ग्रास कार्प, पंगासियस, सिल्वर कार्प, टेंगरा, पढ़िन, साउल, सिंघी, तिलापिया, कवई, रूपचंदा, बेलगगरा, देसी मांगुर, कालाबासु, वीड फिश (माइनर कार्प) व झींगा का पालन हो रहा है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में युवक की मौत पर भड़का गुस्सा, पुलिस चौकी पर शव रखकर प्रदर्शन

66.40 मिलियन फ्राई का उत्पादन
वर्ष 2025-26 में जिले में 66.40 मिलियन फ्राई व 10 मिलियन फिंगरलिंग का उत्पादन हुआ। औसत मत्स्य उत्पादकता 5.2 टन प्रति हेक्टेयर रही। मत्स्य पालकों को संगठित करने के लिए 31 मत्स्य सहकारी समितियां व पांच मत्स्य कृषक उत्पादक संगठन (एफएफपीओ) पंजीकृत हैं।

यह भी पढ़ें- देवरिया के नरायनपुर में 53.40 करोड़ का बिजली ट्रांसमिशन उपकेंद्र निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी राहत

जिले में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मछली उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। इससे दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हुई है। मत्स्य उत्पादन में वृद्धि से पालकों की आय बढ़ने के साथ जनपद की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

-

-रेवती रमण चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।