देवरिया में उग्रसेन सेतु की मरम्मत शुरू, 15 दिन तक बंद रहेगा आवागमन
देवरिया के कपरवार में 40 साल पुराने उग्रसेन सेतु के क्षतिग्रस्त डेक की मरम्मत शनिवार सुबह शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त डेक का दस फीट हिस्सा काटकर भरे जाएंगे गड्ढे और दरारें। जागरण
HighLights
उग्रसेन सेतु के क्षतिग्रस्त डेक की मरम्मत शुरू।
पुल पर सभी वाहनों का आवागमन 15 दिन बंद।
यातायात ठप होने से राहगीरों को परेशानी।
संवाद सूत्र, कपरवार, (देवरिया)। करीब 40 वर्ष पुराने उग्रसेन सिंह सेतु के क्षतिग्रस्त डेक की मरम्मत का काम शनिवार सुबह शुरू हो गया। इसके लिए पुल पर सभी छोटे-बड़े और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यातायात ठप होने से पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। जरूरी काम से आने-जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
मजदूरों ने मशीनों की मदद से पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़ना शुरू किया है। मरम्मत के लिए करीब दस फीट हिस्से की ऊपरी परत काटी जा रही है। इसके बाद गड्ढों और दरारों को भरकर डेक को दुरुस्त किया जाएगा। मंत्रालय के परियोजना प्रबंधक नुसरतुल्लाह खान ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने में करीब एक सप्ताह लगेगा।
इसके बाद मरम्मत वाले हिस्से को मजबूती से जमने और पकने के लिए लगभग एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इस तरह करीब 15 दिन बाद ही पुल पर आवागमन दोबारा शुरू हो सकेगा।
सेतु की मरम्मत के लिए निर्माण सामग्री पुल पर पहुंचा दी गई है। लखनऊ से श्रमिकों की टीम भी आ चुकी है। पहले शुक्रवार से काम शुरू होने की संभावना थी, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- खादी कारीगरों की कताई मजदूरी हुई दोगुनी, सांसद रमाशंकर राजभर की पहल पर केंद्र सरकार का फैसला
करीब चार दशक पुराने इस पुल के स्लैब में तीसरी बार दरारें और गड्ढे बनने से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। फिलहाल पुल पर आवागमन बंद रहने से दोनों तरफ यातायात प्रभावित है।
यह भी पढ़ें- देवरिया में 24.78 करोड़ से बन रहा मॉडल कंपोजिट विद्यालय, आवंटित की गई है 5.18 एकड़ भूमि