UP News: देवरिया में कपड़ा व्यवसायी को बदमाशों ने मारी गोली, बाइक से घर लौटते समय रास्ते में किया हमला
देवरिया में कपड़ा लेकर घर लौट रहे किशोर अजय मद्धेशिया को रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा चौराहे के पास बदमाशों ने गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां से उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।

जागरण संवाददाता, देवरिया। जिला मुख्यालय से कपड़ा लेकर घर जा रहे किशोर को बदमाशों ने रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा चौराहे के समीप रविवार की देर रात बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस एवं आसपास के लोग उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर भेज दिया। वहां भी उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हिरंदापुर के मझरठिया टोला के रहने वाले अजय मद्धेशिया उम्र 17 वर्ष पुत्र संतोष मद्धेशिया रविवार की देर रात देवरिया कपड़ा व अन्य सामान की खरीदारी करने आया था। उसकी डुमरी चौराहे पर कपड़े की दुकान है।
सामान व कपड़ा खरीदने के बाद वह बाइक से घर जा रहा था। अभी वह रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा चौराहे पर पहुंचा था कि कुछ बदमाश उसके ऊपर हमला बोल दिए।
इस दौरान एक बदमाश ने असलहा निकाला और उसे गोली मार दिया। जिससे घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ सरोज ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।