पीएमश्री योजना का तोहफा: 5 किमी दूर से आने वाले छात्रों को मिलेंगे 6000, किराये की टेंशन खत्म
पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 5 किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाले पात्र विद्यार्थियों को 6 हजार रुपये परिवहन भत्ता मिलेगा। इस खबर से छात्र-छात्राओं में खुशी है, जिससे उन्हें आवागमन के खर्च और परेशानी से राहत मिलेगी।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पीएमश्री विद्यालयों में छात्रों को मिलेगा परिवहन भत्ता।
5 किमी से अधिक दूरी वाले छात्रों को 6000 रुपये।
आवागमन खर्च से मिलेगी राहत, बढ़ेगी नियमित उपस्थिति।
जागरण संवाददाता, देवरिया। घर से विद्यालय की लंबी दूरी और रोजाना आने-जाने में होने वाला खर्च अब विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगा। पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पांच किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाले पात्र विद्यार्थियों को छह हजार रुपये परिवहन भत्ता दिए जाने की खबर से छात्र-छात्राओं में खुशी है।
विद्यार्थियों का कहना है कि इस धनराशि से उन्हें आवागमन के लिए अतिरिक्त खर्च की चिंता से राहत मिलेगी। खासकर उन विद्यार्थियों को सहूलियत होगी, जो रोजाना 12 से 15 किलोमीटर या इससे अधिक दूरी तय कर विद्यालय पहुंचते हैं।
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज और पीएमश्री कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कालेज के 728 विद्यार्थियों के लिए कुल 43.68 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाने हैं। छात्राओं का कहना है कि बारिश और ठंड के दिनों में साइकिल से लंबी दूरी तय करना मुश्किल होता है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर किराया देकर दूसरे साधन से विद्यालय पहुंच सकेंगी। वहीं, छात्रों को उम्मीद है कि परिवहन भत्ते से उनके अभिभावकों पर भी आर्थिक बोझ कम होगा।
मैं करीब 13 किलोमीटर दूरी तय कर विद्यालय जाती हूं, विद्यालय जाने में हर महीने करीब 15 से 18 सौ रुपये खर्च होते हैं। अगर योजना के तहत धनराशि उपलब्ध होता है तो कुछ सहूलियत होगी। - अनन्या सिंह, छात्रा,
पीएमश्री कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कालेज
मेरे घर से विद्यालय की दूरी 15 किलोमीटर है। मैं प्रतिदिन विद्यालय साइकिल से जाती हूं। बरसात व ठंड के दिनों में विद्यालय जाने में काफी परेशानी होती है, कई बार महत्वपूर्ण क्लास छूट भी जाता है। लेकिन अगर धनराशि उपलब्ध होगी तो बहुत अधिक परेशानी होने पर अन्य साधन से विद्यालय जाने में आसानी होगी। - सिब्बू कुशवाहा, छात्रा, पीएमश्री कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कालेज- देवरिया।
विद्यालय आने-जाने में कई बार किराये को लेकर परेशानियों को सामना करना पड़ता है। अतिरिक्त रुपये खर्च करने पड़ते हैं, ऐसे में धनराशि उपलब्ध होने चीजें आसान होगी और किराये का अधिक बोझ भी नहीं पड़ेगा। - स्मृति चौहान, छात्रा, राजकीय इंटर कालेज- देवरिया।
मैं करीब 12 किलोमीटर दूर से विद्यालय आता हूं, जिससे किराए में रुपये अधिक खर्च होते हैं। इस धनराशि के उपलब्ध होने से माता-पिता पर बोझ कम पड़ेगा। जो रुपये किराए में खर्च होते हैं, उसे कहीं और उपयोग किया जा सकेगा। - आशीष उपाध्याय, छात्र- राजकीय इंटर कालेज, देवरिया।
पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के लिए किराया उपलब्ध कराने की व्यवस्था सराहनीय है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और उनकी नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी। - रामकिंकर मिश्र, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कालेज देवरिया।
ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राएं दूरी और आर्थिक परेशानी के कारण नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे में आवागमन के लिए किराये की व्यवस्था होने से उन्हें बड़ी सहूलियत मिलेगी। इससे शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। - शांति राय, प्रधानाचार्य, कस्तूरबा राजकीय बालिका विद्यालय, देवरिया।
पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत दूर से आने वाले बच्चों का आवागमन सुगम बनाने के लिए जिले के 728 विद्यार्थियों को धनराशि उपलब्ध कराई जानी है। इससे विद्यार्थी आसानी से विद्यालय आ और जा सकेंगे।
-हरिश्चंद्र नाथ, डीआइओएस, देवरिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।