देवरिया: छात्रा संजना की मौत का रहस्य बरकरार, कॉलेज प्रशासन के जवाब से स्वजन असंतुष्ट
देवरिया में बीएससी छात्रा संजना की संदिग्ध मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ...और पढ़ें

HighLights
छात्रा संजना की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट अस्पष्ट।
कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज गायब, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप।
स्वजन ने जहर खिलाने की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। घर से छोटे भाई के साथ पढ़ने निकली बीएससी प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा संजना की मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विज्ञान भवन में संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत मिली छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया है। उधर, स्वजन इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं कि संजना ने जहरीला पदार्थ खुद खाया था या उसे किसी ने खिलाया। कालेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
मंगलवार को अंतिम संस्कार के बाद बुधवार को संजना के चाचा राहुल कालेज पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। पीजी कालेज में लगे सीसी कैमरे का फुटेज घटना के दिन का गायब है। जिसे लेकर उसके चाचा ने संदेह जताते हुए बताया कि घटना के दिन का फुटेज डिलीट कर दिया गया है, उसके आगे व पीछे की तिथियों का फुटेज दिख रहा है। राहुल ने कालेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संजना के पिता विदेश में रहते हैं। उनके लौटने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी का आरोप
राहुल के मुताबिक, संजना अपने छोटे भाई आदित्य के साथ प्रतिदिन पढ़ने के लिए देवरिया आती थी। आदित्य इंटरमीडिएट का छात्र है और जीआइसी में पढ़ता है। सोमवार को दोनों साथ घर से निकले थे। पढ़ाई के बाद आदित्य घर पहुंच गया, लेकिन संजना देर शाम तक नहीं लौटी।
स्वजन उसकी तलाश और चिंता में थे, तभी कालेज से उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। आरोप है कि संजना विज्ञान भवन में अचेत पड़ी थी। उसे देखने के बाद भी अस्पताल पहुंचाने में देरी की गई। उनका दावा है कि सूचना मिलने पर वे गांव से मेडिकल कालेज पहुंच गए, जबकि करीब 30 मिनट बाद कालेज के लोग संजना को लेकर वहां पहुंचे।
यह भी पढ़ें- देवरिया में सड़क हादसा, भारतीय सेना के पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत
जहर खाने या खिलाने का सवाल अनसुलझा
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे संजना विज्ञान भवन में अचेत मिली थी। उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर दिया।
स्वजन का कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद नहीं था। ऐसे में संजना की मौत की वजह को लेकर कई सवाल हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय ने बताया कि घटना के बाद पुलिस कालेज गई थी। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
