देवरिया में दोस्तों के साथ घूमने गया युवक सड़क किनारे अचेत मिला, घर पहुंचते ही तोड़ा दम
देवरिया के खुखुंदू में दोस्तों के साथ घूमने गए 24 वर्षीय युवक सुमित यादव की सड़क हादसे में मौत हो ...और पढ़ें

HighLights
खुखुंदू में 24 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत।
अचेत अवस्था में मिला युवक, घर पहुंचने पर तोड़ा दम।
पुलिस अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए हादसे की जांच कर रही।
संवाद सूत्र, खुखुंदू, (देवरिया)। दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार देर रात भलुअनी-महुई मार्ग पर रार बड़ी गांव के समीप वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्वजन उसे आनन-फानन घर लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। स्वजन ने अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पिपरा खेमकरन निवासी सुरेश यादव का 24 वर्षीय पुत्र सुमित यादव बुधवार की देर शाम बाइक से दो दोस्तों के साथ बीरपुर मिश्र गांव गया था। वहां खाने-पीने में देरी होने पर उसके दोनों दोस्त घर लौट आए, लेकिन सुमित नहीं पहुंचा। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर स्वजन परेशान हो गए और तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान रार बड़ी गांव की ओर जाते समय वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्वजन उसे तत्काल घर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सुमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां मनभावती देवी, दादी सरस्वती देवी और भाई अमित व मयंक का रो-रोकर बुरा हाल था। तीन भाइयों में सुमित दूसरे नंबर पर था। उसके पिता सुरेश यादव सऊदी अरब में रहते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह भी घर आने के लिए व्याकुल हो गए।
यह भी पढ़ें- देवरिया में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के नौ को मिले पांच लाख के चेक, 24 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र
सुमित महाराष्ट्र के पुणे में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और दीपावली पर घर आया था। दोस्तों के साथ घूमने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौट सका। जिस स्थान पर सुमित सड़क किनारे मिला, वहां पहले भी कई युवकों की सड़क हादसों में मौत हो चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक बीवी राजभर ने बताया कि बाइक सवार युवक की दुर्घटना में मौत की सूचना मिली थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- देवरिया-बिहार मार्ग पर बढ़ा संकट, उग्रसेन सेतु की मरम्मत में लगेंगे दो और महीने
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।