लोक आस्था के महापर्व पर रेलवे का तोहफा, देवरिया स्टेशन से गुजरेंगी 16 स्पेशल ट्रेनें; गूंजेंगे पारंपरिक छठ गीत
छठ महापर्व के लिए देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हेतु विशेष इंतजाम किए गए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
देवरिया स्टेशन पर छठ के लिए विशेष इंतजाम।
यात्रियों की सुविधा को 16 स्पेशल ट्रेनें संचालित।
स्टेशन पर गूंजेंगे छठ के पारंपरिक भक्तिमय गीत।
जागरण संवाददाता, देवरिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ ही स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत बजाकर माहौल को भक्तिमय बनाने की तैयारी है। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से देवरिया सदर स्टेशन से होकर गुजरने वाली 16 स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया गया है, ताकि पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
छठ पर्व को लेकर घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। ऐसे में दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों के घर लौटने का सिलसिला भी बढ़ रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्टेशन पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की है। इसके तहत फर्स्ट एड बूथ स्थापित किया गया है, जहां हल्की-फुल्की चोट लगने या अचानक तबीयत खराब होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
स्टेशन पर पर्व के दौरान छठ पूजा के गीत भी बजाए जाएंगे। इससे यात्रियों को लोक आस्था के महापर्व से जुड़ाव महसूस होगा और स्टेशन का माहौल भक्तिमय बनेगा। स्टेशन अधीक्षक संदीप भटनागर ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। छठ पर्व के अवसर पर स्टेशन पर छठ गीत बजाने के निर्देश भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें- देवरिया में रंजिश और धमकी से परेशान युवक ने उठाया खतरनाक कदम, मोबाइल टावर पर चढ़कर की कार्रवाई की मांग
यात्रियों के ठहरने के लिए बना आश्रय स्थल
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर यात्री आश्रय स्थल की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। खासकर रात के समय यात्रियों को इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए आश्रय स्थल में पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।