Deoria Nikay Chunav Result: मंत्रियों के गढ़ में हारी भाजपा, पार्टी ने सात सीटें जीतकर लहराया भगवा
Deoria Nikay Chunav Result 2023 देवरिया में मंत्रियों के गढ़ में भाजपा मात खा गई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की गृह क्षेत्र पथरदेवा में भाजपा को हार मिली तो वहीं राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के क्षेत्र में भी 3 नगर पंचायतों में भाजपा हार गई।

देवरिया, महेंद्र कुमार त्रिपाठी। नगरीय निकाय चुनाव में जनपद देवरिया में भारतीय जनता पार्टी ने सात सीटें जीतकर जहां भगवा लहराया है। वहीं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा ग्रामीण विकास राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी के गृह क्षेत्र में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ देवरिया विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत की तीन सीटों पर भाजपा ने पहली बार विजय का पताका फहरा कर मिशन मोदी एवं योगी के कारवां को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर पंचायत पथरदेवा में हारी भाजपा
चुनाव परिणाम पर एक नजर डालें तो कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के विधानसभा क्षेत्र पथरदेवा में नगर पंचायत पथरदेवा में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। यही हाल सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम का भी रहा। यहां भारतीय जनता पार्टी को करारी हार मिली। नगर पंचायत सलेमपुर, नगर पंचायत लार एवं नगर पंचायत मझौली राज में भी भाजपा को सफलता नहीं मिली।
यहां मिली जीत
दूसरी तरफ देवरिया विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में विजय का परचम लहराया जिसमें देवरिया नगरपालिका से भाजपा प्रत्याशी अलका सिंह तीसरी बार लगातार अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुईं। यह जरुर है कि भाजपा को कड़ा संघर्ष करना पड़ा। अंततः भाजपा को बड़ी सफलता मिली। इसी तरह से नगर पंचायत बैतालपुर एवं नगर पंचायत गौरीबाजार में भी भगवा लहराया। नगर पंचायत रामपुर कारखाना में भाजपा को 23 साल बाद सफलता मिली।
देवरिया के विधायक डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी अपने विधानसभा क्षेत्र में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को मिली सफलता से गदगद हैं। उनका मानना है कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जन कल्याणकारी योजनाओं के चलते हुआ।
तीन बार हैट्रिक का रिकॉर्ड
नगर पालिका परिषद देवरिया की सीट भाजपा के खाते में लगातार तीन बार आई है। हैट्रिक का रिकॉर्ड भारतीय जनता पार्टी की अलका सिंह के नाम है। नगर पालिका देवरिया का जबसे गठन हुआ है उस वक्त से कोई भी अध्यक्ष तीन बार लगातार निर्वाचित नहीं हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अलका सिंह का मानना है कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों के चलते हुआ है। जनता ने जो समर्थन दिया है उसे मैं आजीवन नहीं भूल पाऊंगी। जो काम अधूरे हैं उसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जनता की जो उम्मीदें हैं उसे हर हाल में रात-दिन एक करके पूरा करूंगी।
सपा जिलाध्यक्ष के वार्ड में भाजपा की जीत
देवरिया नगरीय निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद देवरिया के वार्ड संख्या 2 में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव का निवास है। वह अपने वार्ड में सपा को जीत नहीं दिला सके। यहां भारतीय जनता पार्टी ने जीत का परचम लहराया। यहां सपा को करारी हार मिली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।