विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओमान में भारतीय वेल्डर की संदिग्ध मौत, परिवार ने कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:12 PM (GMT+05:30)

ओमान में देवरिया के अविनाश कुमार भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जहां वे वेल्डर के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर छुट्टी न देने और दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. अविनाश कुमार भारती की ओमान में संदिग्ध मौत हुई।

  2. परिजनों ने कंपनी पर छुट्टी न देने का आरोप लगाया।

  3. परिवार पर आर्थिक संकट, शव का इंतजार कर रहे।

संवाद सूत्र, गौरीबाजार, देवरिया। रोजी-रोटी के लिए साढ़े तीन वर्ष पूर्व ओमान गए ग्राम उसरी बुजुर्ग निवासी अविनाश कुमार भारती (35) की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कमरे में मृत पाए गए। स्वजन ने कंपनी प्रबंधन पर छुट्टी नहीं देने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

अविनाश ओमान की इंडस्ट्रियल प्रोफेशनल कंपनी में वेल्डर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार रात वह अपने रूममेट राजेश (ग्राम कटाई निवासी) के साथ खाना खाकर सोए थे। शुक्रवार सुबह राजेश ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद उसने स्थानीय पुलिस और गांव में स्वजन को सूचना दी। ओमान पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

छुट्टी के लिए कई माह से कर रहे थे प्रयास
मृतक के पिता अरविंद कुमार भारती, जो किसान हैं, ने बिलखते हुए कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि अविनाश कई महीनों से घर आने के लिए छुट्टी मांग रहे थे, लेकिन कंपनी उनकी छुट्टी स्वीकृत नहीं कर रही थी।

आरोप है कि छुट्टी देने के बदले कंपनी उन पर अपनी जगह दो-तीन नए कारीगरों की व्यवस्था करने का दबाव बना रही थी। इससे अविनाश परेशान थे। वह इससे पहले दो बार दुबई भी जा चुके थे।

यह भी पढ़ें- देवरिया में नवलपुर-मझौलीराज पीपा पुल से जल्द शुरू होगा आवागमन, आसान होगी राह

इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर संकट
अविनाश परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पिता अरविंद कुमार भारती, मां रेशमा देवी, पत्नी सुनैना देवी, दो छोटे भाई अमित व अनुज, दो पुत्र राज व अयांश और बेटी अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को अब उनके शव की प्रतीक्षा है।

यह भी पढ़ें- देवरिया और गोरखपुर बाईपास को जोड़ने की राह में तकनीकी अड़चन, अधर में लटकी योजना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।