देवरिया में मेला देखने गए दो युवकों की बेरहमी से हत्या, पुलिस जांच में जुटी
देवरिया में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

बाएं से विनय यादव और वकील यादव की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो युवकों की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या।
मेला देखकर लौटते समय हुई वारदात, एक का गला भी काटा।
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीन टीमें बनाईं।
संवाद सूत्र, लार रोड, देवरिया। राष्ट्रीय रामजानकी राजमार्ग (एनएच-227ए) पर बढ़या हरदो के समीप मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे दो युवकों की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सीडीआर कंपनी के सामने हुई वारदात में हमलावरों ने दोनों युवकों के पेट में चाकू से कई वार किए। वहीं, एक युवक का गला भी काट दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के करजहां गांव निवासी वकील यादव (पुत्र स्व. राजदेव यादव) और इटहुरा हजाम गांव निवासी विनय यादव (पुत्र स्व. राम छबीला यादव) के रूप में हुई है। वकील यादव लार रोड रेलवे स्टेशन पर गेटमैन के पद पर कार्यरत थे, जबकि विनय यादव आवास विकास परिषद में नौकरी करते थे। दोनों युवक घर से मेला देखने जाने की बात कहकर निकले थे। इसी दौरान दोनों की हत्या कर दी गई।
दो युवकों की हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजन की तहरीर के आधार पर मईल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- यहां नौकरी से छुट्टी लेकर गांव लौटते हैं बड़े-बड़े अफसर, यूपी के देवरिया में 52 सालों से संजोए हैं रामलीला की विरासत
पुलिस अधीक्षक ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी और घटना का जल्द पर्दाफाश करने के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की हैं। उन्होंने टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दो युवकों की नृशंस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपितों का पता लगाने में जुटी है।
