विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलडोजर दबाव के दावे पर शलभ मणि त्रिपाठी का वार, देवरिया मजार विवाद में दिव्या मित्तल के बयान से सियासी पारा हाई

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:59 AM (GMT+05:30)

पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के मजार के गुंबद को ढहाने के दबाव संबंधी बयान से देवरिया में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने उनके बयान पर पलटवार किया है, जिससे यह पुराना मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।

बाएं से डा.शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक देवरिया सदर व दिव्या मित्तल, पूर्व डीएम देवरिया। जागरण

बाएं से डा.शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक देवरिया सदर व दिव्या मित्तल, पूर्व डीएम देवरिया। जागरण

HighLights

  1. पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने दबाव का आरोप लगाया।

  2. विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने बयान पर पलटवार किया।

  3. देवरिया मजार गुंबद विवाद फिर चर्चा में।

जागरण संवाददाता, देवरिया। शहर के गोरखपुर रोड स्थित मजार के गुंबद को ढहाए जाने का मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के पाडकास्ट में दिए गए बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।

उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मजार पर बुलडोजर चलाने के लिए एक जनप्रतिनिधि की ओर से दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी ने बिना नाम लिए उनके बयान पर पलटवार किया है। दोनों के बयानों के बाद पुराना मामला फिर सुर्खियों में है।

दिव्या मित्तल ने पाडकास्ट में कहा कि देवरिया में जिलाधिकारी रहते हुए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि जब दूसरे जिलों में मस्जिदों और मजारों पर बुलडोजर चल रहा है तो यहां कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उनके अनुसार, मजार कमेटी ने अतिक्रमण पहले ही हटा लिया था।

इसके बावजूद मजार को गिराने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने इसे एक जनप्रतिनिधि के वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा मामला बताया। उनका दावा है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मजार को गिरने नहीं दिया, लेकिन इसके बाद उनका तबादला हो गया।

उन्होंने यह भी कहा कि मजार आज भी मौजूद है और वहां रोजाना चादर चढ़ाई जाती है। पूर्व डीएम के बयान पर सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ अधिकारी हवा का रुख देखकर अपने तेवर बदल लेते हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें अधिकारियों के बारे में कुछ नहीं कहना है, लेकिन जब नौकरी बचाने की जरूरत थी तो मजार ढहा दी गई और अब राजनीति की जरूरत है तो मजार के नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं। विधायक की इस टिप्पणी को पूर्व डीएम के बयान पर पलटवार के रूप में देखा जा रहा है।

पहले भी सामने आए थे अलग-अलग दावे
दिव्या मित्तल के जिलाधिकारी रहते गोरखपुर रोड स्थित मजार के गुंबद को ढहाए जाने के बाद प्रशासन व मजार कमेटी के दावों में विरोधाभास सामने आया था। प्रशासन का कहना था कि गुंबद मजार कमेटी ने स्वयं हटाया है, जबकि कमेटी ने जिला प्रशासन पर उसे ढहाने का आरोप लगाया था। अब पूर्व डीएम के बयान में दबाव बनाए जाने के आरोप और विधायक की प्रतिक्रिया से यह मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में पोस्टमार्टम के बाद मासूम शिवा का शव एंबुलेंस में पड़ा रहा, स्वजनों ने लेने से किया इनकार

यह भी पढ़ें- देवरिया में बीमार पिता की टूटती सांसों को देख छटपटाता रहा बेटा, आधे घंटे तक लगे ट्रैफिक जाम के चलते मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।