देवरिया में बीमार पिता की टूटती सांसों को देख छटपटाता रहा बेटा, आधे घंटे तक लगे ट्रैफिक जाम के चलते मौत
सलेमपुर में जाम के कारण एक बेटे को अपने बीमार पिता को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई, जिससे उनकी मौत हो गई।

जाम में फंसी मृतक कलाधर मणि को जाने वाली कार। जागरण
HighLights
सलेमपुर जाम में फंसे पिता की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत।
बेटे ने आधे घंटे तक जाम में फंसे पिता को बचाने की गुहार लगाई।
स्टेशन रोड पर अतिक्रमण जाम और मौत का मुख्य कारण बना।
जागरण संवाददाता, सलेमपुर (देवरिया)। पिता की बिगड़ती सांसें व उन्हें बचाने की उम्मीद में छटपटाता बेटा। सामने वाहनों की लंबी कतार व निकलने का कोई रास्ता नहीं। वह कभी लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाता तो कभी वाहन आगे बढ़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन जाम में आधे घंटे तक फंसा रहा। जब किसी तरह अस्पताल पहुंचा तो पिता की सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने नगर में जाम और सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण की समस्या फिर उजागर कर दी है।
मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी 80 वर्षीय कलाधर मणि त्रिपाठी की बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर देख बेटा शंभू मणि त्रिपाठी उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर निकल पड़ा। गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर सड़क की दोनों पटरियों पर सब्जी की दुकानें लगी होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लगी थी। इससे रास्ता पूरी तरह जाम हो गया था।
पिता की बिगड़ती हालत देख शंभू मणि त्रिपाठी वाहन का शीशा उतारकर सड़क खाली कराने के लिए चिल्लाते रहे। वह लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन जाम के चलते वाहन आगे नहीं बढ़ सके। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह उनकी कार जाम से बाहर निकली और अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद कलाधर मणि त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।
सीओ गौरव सिंह ने कहा कि स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से निजात के लिए कई बार सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक की गई है। बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जाम लग रहा है तो दुकानदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
स्टेशन रोड पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत लगातार अभियान चला रही थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। इसके बाद अभियान रोकना पड़ा। अब दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।- महेंद्र पांडेय, ईओ नगर पंचायत सलेमपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।