UP News: पेशी से छह दिन पूर्व फरार दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
देवरिया में छह दिन पहले न्यायालय में पेशी से फरार शिवा बांसफोर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कुशीनगर के रहने वाले शिवा पर पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। न्यायालय से लौटते समय सिपाही को धक्का देकर वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसे हाटा रोड से गिरफ्तार किया मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।

जागरण संवाददाता, देवरिया। छह दिन पूर्व न्यायालय में पेशी से फरार शिवा बांसफोर गुरुवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया। वह सदर कोतवाली के हाटा रोड से गिरफ्तार हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है।
कुशीनगर जनपद के हाटा वार्ड नंबर 21 गांधी नगर का रहने वाला शिवा बांसफोर दुष्कर्म के मामले में आरोपित है। उसे दुष्कर्म व पाक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मुकदमे के विवेचक और महुआडीह थाने के उपनिरीक्षक प्रीतम भारती ने आरोपित के खून की जांच के लिए न्यायालय में आवेदन दिया था।
पांच जून को न्यायालय से लौटते समय सिपाही को धक्का देकर वह फरार हो गया। मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस लाइन में तैनात दीवान श्रीकृष्ण राम को निलंबित कर दिया गया। साथ ही एसपी ने विभागीय जांच के आदेश दिए।
सीओ लाइन इसकी जांच कर रहे हैं। टीमों ने कुशीनगर जनपद में उसके रिश्तेदारों, मित्रों के घर छापेमारी की। कोई हाथ नहीं लगा। गुरुवार की रात पुलिस मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया गया।
एएसपी अरविंद कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली। एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपित को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। गोली उसके पैर में लगी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।