हाईकोर्ट के आदेश पर देवरिया के 9446 बेसिक शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच शुरू, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर देवरिया में 9446 बेसिक शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच शुरू हो गई है।
-1793642778346_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देवरिया में 9446 बेसिक शिक्षकों के दस्तावेज जांचे जा रहे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर यह जांच शुरू हुई।
शिक्षकों को एक सप्ताह में सभी अभिलेख जमा करने होंगे।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात 9446 शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षिक योग्यता से जुड़े अभिलेखों की जांच शुरू हो गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों से एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति पत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्र और नोटरी से सत्यापित शपथपत्र मांगा है।
शपथपत्र में शिक्षकों को यह भी बताना होगा कि उनके सगे-संबंधियों में कोई उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में बेसिक शिक्षा अधिकारी या उससे उच्च पद पर कार्यरत है अथवा सेवानिवृत्त हो चुका है। आदेश के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है।
नियुक्ति पत्र और शैक्षिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश
हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान बेसिक शिक्षकों के नियुक्ति पत्र और शैक्षिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। इसके अनुपालन में बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने पत्र जारी कर कक्षा एक से आठ तक के सभी शिक्षकों को अभिलेखों की स्पष्ट और पठनीय प्रतियां उपलब्ध कराने को कहा है। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड, टीईटी, सीटीईटी सहित शिक्षक पद पर नियुक्ति के समय निर्धारित अन्य योग्यताओं के प्रमाणपत्र शामिल हैं।
दस्तावेजों के साथ प्रत्येक शिक्षक को नोटरी से सत्यापित शपथपत्र भी देना होगा। इसमें पति, पत्नी, पिता, पुत्र-पुत्री, दामाद, पुत्रवधू, सास, साला, बहनोई, फूफा आदि निकट संबंधियों का विवरण देना होगा, जो प्रदेश के शिक्षा विभाग में बेसिक शिक्षा अधिकारी या उससे उच्च पद पर कार्यरत हैं अथवा सेवानिवृत्त हो चुके हैं। यदि ऐसा कोई संबंधी नहीं है तो इस आशय का स्पष्ट शपथपत्र देना होगा। निर्धारित समय में अभिलेख जमा नहीं करने वालों के मामले को गंभीरता से लेने की चेतावनी बीएसए ने दी है।
किस विकासखंड में कितने शिक्षक
जिले में सबसे अधिक 832 शिक्षक गौरीबाजार विकासखंड में तैनात हैं। बैतालपुर में 778, देवरिया सदर में 752, सलेमपुर में 714, भलुअनी में 658, लार में 629, रुद्रपुर में 572, रामपुर कारखाना में 553, भाटपाररानी में 521 और बनकटा में 506 शिक्षक कार्यरत हैं। भटनी और पथरदेवा में 488-488, भागलपुर में 477, बरहज में 476, देसही देवरिया में 385 तथा तरकुलवा में 369 शिक्षक तैनात हैं। देवरिया नगर क्षेत्र में 223 और बरहज नगर क्षेत्र में 25 शिक्षक कार्यरत हैं।
सभी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र और शैक्षिक दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसमें लापरवाही करने वालों के मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
-डाॅ. राम जियावन मौर्य, बीएसए
यह भी पढ़ें- देवरिया की शान बनीं आद्रिका कश्यप, 10 साल की उम्र में जीते गोल्ड समेत 3 नेशनल मेडल
यह भी पढ़ें- कागजों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, धरातल पर अंधेरा; देवरिया के कई परिषदीय स्कूलों में नहीं पहुंची बिजली
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।