देवरिया की शान बनीं आद्रिका कश्यप, 10 साल की उम्र में जीते गोल्ड समेत 3 नेशनल मेडल
पथरदेवा की 10 वर्षीय आद्रिका कश्यप ने नादेड़ में आयोजित जम्प रोप राष्ट्रीय चैंपियनशिप में एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीते।

आद्रिका ने 7 से 10 वर्ष की आयु में चार अंग्रेजी पुस्तकें भी लिखी हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाती हैं।
HighLights
आद्रिका ने जम्प रोप में एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीते।
उन्होंने 7 से 10 वर्ष की आयु में चार किताबें लिखीं।
पथरदेवा की आद्रिका कश्यप ने यह उपलब्धि हासिल की।
जागरण संवाददाता, पथरदेवा। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। पथरदेवा के रामनगर गांव की 10 वर्षीय आद्रिका कश्यप ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। महाराष्ट्र के नादेण में आयोजित जम्प रोप (रस्सी कूद) सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए आद्रिका ने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। आद्रिका पथरदेवा के पूर्व ब्लाक प्रमुख अजय शाही की पौत्री हैं।
सात से दस वर्ष की उम्र में लिखीं चार पुस्तकें
अमेरिका में जन्मीं आद्रिका ने महज सात से दस वर्ष की उम्र के बीच अंग्रेजी में चार पुस्तकें लिखकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। इनमें वर्ष 2023 में लोटस एंड द हमिंग बर्ड, 2024 में ए जर्नी फार अवे, 2025 में फॉगीज बिग लीप और 2026 में मोर दैन जस्ट फ्रेंड्स शामिल हैं। लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए अमेरिका के न्यू जर्सी प्रांत के सिकाकस शहर के मेयर ने उन्हें सम्मानित किया था।
ननिहाल और घुरनाकुंड देवी मंदिर से गहरा लगाव
विदेश में जन्म और पढ़ाई के बावजूद आद्रिका का अपने ननिहाल रामनगर गांव से गहरा जुड़ाव है। गांव आने पर वह ग्रामीण परिवेश में समय बिताने के साथ घुरनाकुंड देवी मंदिर में दर्शन करना नहीं भूलतीं।
उनकी उपलब्धि पर पिता विशाल कश्यप, मां प्रांजलि शाही,नाना अजय शाही, नानी तरुणा शाही, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कुंवर राव, ठेकेदार संघ के जिलाध्यक्ष राकेश शुक्ला, सौरभ श्रीवास्तव, कृष्णानंद पाठक, माहिवाल जायसवाल, रामपति प्रसाद और अनूप शाही ने बधाई दी।