देवरिया में 38 करोड़ के ROB का इंतजार लंबा: रेलवे के हिस्से का काम रुका, 5 महीने और बढ़ी मुश्किलें
देवरिया के भटनी में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे की लेटलतीफी के कारण तीन माह से रुका हुआ है, जिससे लोगों को पांच माह और इंतजार करना पड़ेगा। गोरखपुर कमिश्नर ने इस देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रेलवे अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
भटनी आरओबी निर्माण रेलवे की देरी से ठप।
परियोजना पूरी होने में पांच माह अतिरिक्त लगेंगे।
गोरखपुर कमिश्नर ने रेलवे को तेजी लाने को कहा।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भटनी उपनगर के पूर्वी रेलवे ढाला संख्या 115 स्पेशल पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के लिए लोगों को अभी पांच माह और इंतजार करना पड़ेगा। नवंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन रेलवे के हिस्से में काम आगे नहीं बढ़ने से पिछले तीन माह से परियोजना ठप पड़ी है।
ऐसे में 38.13 करोड़ रुपये की इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ लोगों को निर्धारित समय पर नहीं मिल सकेगा। निर्माण में हो रही देरी पर गोरखपुर के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने व निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा है।
मार्च 2023 में परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली थी। इसके बाद अक्टूबर 2024 में 38.13 करोड़ रुपये की लागत से 664 मीटर लंबे व 7.50 मीटर चौड़े आरओबी का निर्माण शुरू हुआ। इसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कुल 15 पायों में से 13 का निर्माण सेतु निगम पहले ही पूरा कर चुका है। रेलवे ट्रैक के ऊपर करीब 64 मीटर हिस्से में शेष दो पायों का निर्माण भी तीन माह पहले पूरा हो गया था।
रेलवे के हिस्से में सब स्ट्रक्चर का काम भी पूरा हो चुका है, लेकिन सुपर स्ट्रक्चर के बो-स्ट्रींग गर्डर की असेंबलिंग व लांचिंग का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। इसी के चलते पूरी परियोजना की रफ्तार थम गई है। परियोजना की भौतिक प्रगति 84 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
नगर के हीरालाल गुप्ता, अलख निरंजन मिश्र, दीपू मिश्र, राजू गुप्ता, आशीष मिश्र, शहजाद अहमद, राहुल गुप्ता और पुरुषोत्तम मद्धेशिया समेत अन्य लोगों ने भी आरओबी का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक विजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे के स्तर से बो-स्ट्रींग गर्डर की असेंबलिंग और लांचिंग की जानी है। यह कार्य पूरा होने के बाद ही सेतु निगम एप्रोच का शेष निर्माण करा सकेगा।
यह भी पढ़ें- देवरिया में अनबन के बाद प्रेमिका ने नंबर किया ब्लॉक तो मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक; पुलिस ने उतारा
ढाला बंद होने से बढ़ रही लोगों की मुश्किलें
रेलवे ढाला संख्या 115 बंद होने से भटनी कस्बे के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। आवागमन के लिए 116 नंबर ढाला पर निर्भरता बढ़ गई है। यहां ट्रेनों के आवागमन के दौरान बार-बार फाटक बंद होने से रोजाना लंबा जाम लग रहा है। स्कूली बच्चों से लेकर मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों तक को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आरओबी का निर्माण पूरा होने में हो रही देरी ने लोगों की समस्या और गंभीर कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।