देवरिया में रातभर राह ताकता रहा परिवार, सुबह सड़क किनारे मिला पूर्व प्रधान का शव; घर में मचा कोहराम
खुखुंदू के पूर्व प्रधान संजय प्रसाद उर्फ श्यामा शनिवार शाम घर से निकले और रविवार सुबह सड़क किनारे मृत पाए गए। पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पूर्व प्रधान संजय प्रसाद का शव सड़क किनारे मिला।
परिवार रातभर तलाश करता रहा, सुबह मिली दुखद खबर।
पुलिस सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है।
प्रमोद कुमार राय, खुखुंदू। शनिवार की शाम घर से निकले संजय प्रसाद उर्फ श्यामा के स्वजन रातभर उनके लौटने का इंतजार करते रहे। मन में अनहोनी की आशंका लिए परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन रविवार की सुबह मिली खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिला।
पिता का शव देखते ही बेटा गौरव बदहवास होकर फफक पड़ा। पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिलने से मौत की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है।
पड़री बनमाली गांव निवासी संजय प्रसाद (55) पुत्र शिवदेनी प्रसाद एनपीएस विद्यालय चांदपार में वाहन चालक थे। शनिवार को रोज की तरह विद्यालय गए थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद रात में पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुजुरी बुजुर्ग पुल के समीप भरथुआ-भटनी मार्ग पर सड़क की पटरी के नीचे उनका शव मिला। रविवार सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
संजय वर्ष 2005 में गांव के प्रधान भी रह चुके थे। मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी मौत से गांव में भी शोक की लहर है। पत्नी सुनीता देवी, बेटे गौरव, सौरभ और वैभव तथा बेटियां बुलबुल व अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रभारी निरीक्षक बीवी राजभर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।