देवरिया में अनबन के बाद प्रेमिका ने नंबर किया ब्लॉक तो मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक; पुलिस ने उतारा
प्रेमिका द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से नाराज एक युवक देवरिया के लार में टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा और पूछताछ के लिए थाने ले गई।

टावर से नीचे उतरता प्रेमी। जागरण
HighLights
प्रेमिका ने मोबाइल नंबर ब्लॉक किया, प्रेमी टावर पर चढ़ा।
देवरिया के लार में हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा।
पुलिस ने समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
संवाद सूत्र, लार (देवरिया)। प्रेमिका के मोबाइल फोन नंबर ब्लॉक करने से नाराज प्रेमी सोमवार की भोर में उसके गांव के समीप स्थित टावर पर चढ़ गया। इसके बाद उसने खुद ही पीआरबी को फोन कर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी देर तक मान-मनौव्वल कर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे थाने ले गई।
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के पकड़ी मल गांव निवासी मनीष कुमार का लार क्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई। आरोप है कि प्रेमी के बार-बार फोन करने के बावजूद प्रेमिका ने जवाब नहीं दिया और उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया।
प्रभारी उपनिरीक्षक विकास मिश्रा ने बताया कि युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर थाने लाया गया है। पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: जिस युवती ने दर्ज कराया केस, उसी से शादी की जिद पर टावर चढ़ा युवक