सपा व बसपा की सरकारों ने सहकारिता की संस्थाओं को किया बर्बाद, देवरिया में बोले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया में सहकारी बाजार के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद बीज निगम लगातार फायदे में है। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।

देवरिया, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सपा व बसपा की सरकारों ने सहकारिता से जुड़ी संस्थाओं को बर्बाद किया। दोनों ने अपनी कारगुजारियों से सहकारिता को घाटे में रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद संस्थाएं लाभ में हैं। योगी सरकार की कुशलता का नतीजा है कि बीज निगम अब फायदे में चल रहा है। कृषि मंत्री गुरुवार को जनपद थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में शहर में बनने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारी बाजार के निर्माण कार्य का शिलान्यास कर रहे थे। निर्माण कार्य पर 46 लाख रुपये खर्च होने हैं।
कृषि मंत्री ने किया सहकारी बाजार के निर्माण कार्य का शिलान्यास
जिला पंचायत सभागार में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने सहकारिता के मूल भाव को साथ लेकर चलते हुए आगे बढ़ने और सहकारिता को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। कहा कि जिन राजनीतिक धुरंधरों ने जनपद में सहकारिता की नींव रखी उनके सिद्धांतों को आत्मसात करना होगा। प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कृषि विभाग का बीज निगम वर्ष 2017 से पहले 35.93 करोड़ के घाटे में चल रहा था, लेकिन हमारी सरकार ने 2017-18 में ही सात करोड़ रुपये के फायदे में पहुंचाने का काम किया।
कार्यक्रम को विधायक जयप्रकाश निषाद, दीपक मिश्र शाका, सुरेन्द्र चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्तर्यामी सिंह, निवर्तमान नपा अध्यक्ष अलका सिंह ने भी संबोधित किया। जनपद थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ के अध्यक्ष विश्वंभर मिश्र ने सहकारी समिति के लिए सीएनजी पंप व पेट्रोल पंप की मांग की। कृषि मंत्री ने इस पर शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया। विश्वंभर मिश्र ने अतिथियों का स्वागत अंग वस्त्र भेंटकर किया। संचालन अंगद तिवारी ने किया। अनिरुद्ध मिश्र, विजय कुमार दूबे, मारकंडेय शाही, विजय बहादुर दूबे, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, भूपेन्द्र सिंह, कृष्णनाथ राय, अम्बिकेश पाण्डेय, उषा पासवान, जितेंद्र राव आदि मौजूद रहे।
तेजी से होगा नगर पंचायत का विकास
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने ब्लाक परिसर में नवसृजित नगर पंचायत बैतालपुर में होने वाले 13 परियोजनाओं का गुरुवार को शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि आज नगर पंचायत बनने से बैतालपुर व आसपास के 12 गांवों का विकास तेज गति से होगा। आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है, वह नगर पंचायत बनने के कारण संभव हुआ है।
भाजपा की सरकार बनने के बाद शहरों व गांवों का विकास तेज गति से हुआ है। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि नगर पंचायत गठन करने की मांग यहां की जनता काफी अर्से से कर रही थी, जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया है। नगर पंचायत बैतालपुर के विकास में धन की कमी नहीं आने नही दी जाएगी। भाजपा सरकार की सोच विकास वादी है। बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही है। देवरिया विधानसभा में विकास कार्य अनवरत चलता रहेगा। प्रशासक महेंद्र सिंह, ईओ कमलेश शाही, प्रमुख प्रतिनिधि प्रभाकर राय, अनिल मणि, भाजपा नेता बसंत मणि, राजेश निषाद, तारकेश्वर जायसवाल, अनिरुद्ध सिंह, राधेश्याम जायसवाल, प्रदीप जायसवाल मौजूद रहे।
शहरी जीवन का अहसास कराएगी नवसृजित नपं
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि नव सृजित नगर पंचायत शहरी जीवन का एहसास कराएगी, जहां हर घर को बेहतर बिजली, सड़क व अन्य सुविधाएं मिलेंगी। वह तरकुलवा नगर पंचायत में विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि यह तभी संभव है, जब प्रदेश में भाजपा की सरकार है, आज किसान खुशहाल है। लोगों के पूर्ववर्ती सरकारों की अपेक्षा आज बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से पथरदेवा विधानसभा में चार नगर पंचायतों का गठन किया गया है। ईओ पंकज कुमार डॉ. जितेंद्र प्रताप राव, अंबुज शाही, मनोज भारती, राजेश सिंह, ब्लाक प्रमुख रामाशीष गुप्ता, हेमंत पाठक, जीवन पति त्रिपाठी, दुष्यंत राव मौजूद रहे। देसही देवरिया संवाददाता के अनुसार नवसृजित नगर पंचायत हेतिमपुर में होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास कृषि मंत्री ने किया। इस नगर पंचायत में विकास बड़े पैमाने पर होना है, इसका खाका तैयार कर लिया गया है। विजय श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।