Updated: Sat, 13 Sep 2025 04:52 PM (IST)
चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र यादव के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में राजेंद्र के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह गैंगस्टर एक्ट और लूटपाट जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस ने उसके पास से हथियार और नकदी भी बरामद की है। घायल राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्रके बक्टा बुजुर्ग गांव में शनिवार सुबह करीब तीन बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बांदा जिले के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र यादव पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। उसके दाएं पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
घायल आरोपित को इलाज के लिए पहले सीएचसी पहाड़ी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजेंद्र यादव के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा था। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पहाड़ी थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध बदमाश देखे गए हैं। इस पर पहाड़ी, राजापुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बक्टा रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही शुरू की फायरिंग
पुलिस को देख राजेंद्र यादव ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। बांदा जनपद के कमासिन निवासी राजेंद्र यादव गैंगस्टर सहित कई आपराधिक मामलों में वांछित था। पुलिस ने बताया कि वह दो दिन पहले अशोह गांव में हुई लूट की वारदात में भी शामिल था, जिसमें बाइक सवार बदमाशों ने अशोह निवासी रामचरण से मोबाइल फोन लूट लिया था।
पुलिस ने ये किया बरामद
इस मामले में कमासिन निवासी आरोपित राहुल यादव पुत्र कमलेश यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपित राजेंद्र के पास से एक 315 बोर तमंचा, तीन कारतूस, एक खोखा, चार हजार रुपये नकद और एक बैग बरामद किया है।
उसके खिलाफ कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, लूट व फायरिंग जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में अन्य घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।