विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी की पहल से बुंदेलखंड के 10 हजार किसानों की बदली तकदीर, लाखों रुपये कमाकर बन रहे आत्मनिर्भर

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:09 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी की पहल से बुंदेलखंड के चित्रकूट में 27 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से लगभग 10,000 किसानों की तकदीर बदल रही है।   

पीएम मोदी का फाइल फोटो और नांदिनकुर्मियान में लगे लेमनग्रास आयल प्रोसेसिंग प्लांट। जागरण

पीएम मोदी का फाइल फोटो और नांदिनकुर्मियान में लगे लेमनग्रास आयल प्रोसेसिंग प्लांट। जागरण

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी की पहल से 10 हजार किसान समृद्ध हुए।

  2. चित्रकूट में 27 एफपीओ किसानों की आय बढ़ा रहे हैं।

  3. लेमनग्रास, कैमोमाइल खेती से किसानों को लाखों की आय।

हेमराज कश्यप, चित्रकूट। बुंदेलखंड का नाम मन में आते ही पानी (पेयजल संकट), पकड़, पलायन, कट्टा (डकैत) और फट्टा (जुआ) से घिरे लाचार बुंदेलों का चेहरा सामने आ जाता है, लेकिन अब वही बुंदेलखंड बदला है। यहां विकास रवानी भर रहा है तो दलहनी क्षेत्र में खेती की पद्धति बदली है।

कभी सूखे के कारण आत्महत्या के लिए मजबूर यहां के किसानों की चीख दुनिया को झकझोर देती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल उनके लिए मॉडल बन गई है। लगभग 10 हजार किसानों के आंगन में समृद्धि खुशियां भर रही है। किसान परंपरागत खेती के साथ नई फसलों और सामूहिक उद्यम के तहत लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती, बागवानी की ओर कदम बढ़ा चुके हैं।

प्रकृति की मार और खेती की बढ़ती लागत छोटे व सीमांत किसानों के लिए किसी दु:स्वप्न से कम नहीं थी। कई पाटों में पिस रहे धरतीपुत्र को इससे बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। इन समस्याओं की काट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 29 फरवरी, 2020 को अति पिछड़े जिलों में शुमार रहे चित्रकूट से देशभर में 10 हजार किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन की योजना का शुभारंभ किया था।

उद्देश्य था कि छोटे किसान अकेले खेती करने के बजाय संगठित होकर उत्पादन, प्रसंस्करण व बाजार तक अपनी पहुंच मजबूत करें। प्रगतिशील किसान योगेश जैन बताते हैं कि पहले यहां किसान मुख्य रूप से वर्षा आधारित खेती करते थे। मोटे अनाज व दलहनी फसलों की एक ही सीजन में खेती होती थी, बाकी में खेत खाली पड़े रहते थी।

कहा जाता था कि वृक्ष यहां फलदार नहीं, धरती उपजदार नहीं। लेकिन अब परिदृश्य बदल गया है। चित्रकूट जिले में 27 एफपीओ काम कर रहे हैं। इनसे जुड़े लगभग 10 हजार किसान परंपरागत खेती के साथ लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती कर रहे हैं।

देव बाबा बायो एनर्जी फार्मर कंपनी के तहत करीब 700 किसान लेमनग्रास व कैमोमाइल उगा रहे हैं। तेल निकालने की दो प्रोसेसिंग यूनिट, बीज विधायन संयंत्र और मिलेट्स स्टोर भी स्थापित किए गए हैं। बुंदेलखंड में सिंचाई के लिए पानी की कमी बड़ी समस्या रही है, जबकि लेमनग्रास की खेती कम पानी व कम उपजाऊ जमीन में भी संभव है। एक बार रोपाई करने के बाद कई वर्षों तक इसकी कटाई की जा सकती है।

एफपीओ देव बाबा बायो एनर्जी फार्मर के प्रमुख लव सिंह बताते हैं कि नांदिनकुर्मियान गांव में स्थापित आयल यूनिट में लेमनग्रास की पत्तियों से सुगंधित तेल निकाला जा रहा है। इससे किसानों को प्रसंस्करण से जुड़ने का अवसर भी मिला है। लव सिंह को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है।

नीबू, आम, अमरूद, सहजन, महुआ, जामुन और कटहल की बागवानी करने वाले नत्थू राम तथा वर्ष 2009 से प्राकृतिक खेती कर रहे योगेश जैन ने भी बागवानी और दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय काम किया है। दोनों किसान नए साल में गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे।

महिला किसान बन रहीं आत्मनिर्भर

कृषि कार्य में बढ़ी भागीदारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन व एसएचएल फाउंडेशन की ओर से संचालित माटी परियोजना विकासखंड कर्वी की छह ग्राम पंचायतों में 255 महिला किसान जुड़ी हैं, जिसमें 40 किसान 35 एकड़ में लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती कर रही हैं। चुन्नी देवी बताती हैं कि लेमनग्रास की खेती से उनको प्रति बीघा प्रतिवर्ष करीब 80 हजार से एक लाख रुपये तक आय हो रही है। कैमोमाइल की खेती से प्रति बीघा डेढ़ लाख रुपये तक आय मिल रही।

किसानों ने कहा-

अब गेहूं व धान के उत्पादन में भी बुंदेलखंड के किसान पंजाब व हरियाणा के किसानों को टक्कर दे रहे हैं। इसके साथ नियमित आमदनी के लिए बागवानी, सब्जी उत्पादन, लेमनग्रास व औषधीय फसलों की खेती बढ़ी है।

-योगेश जैन, प्रगतिशील किसान।

एफपीओ के माध्यम से खेती में नए प्रयोग किए जा रहे हैं। किसान अब सब्जियों व बागवानी के साथ मसालों और नकदी फसलों की खेती अपना रहे हैं। पहले खेत साल भर बंजर ही पड़े रहते थे।

-रेवतीरमण त्रिपाठी, प्रगतिशील किसान

लेमनग्रास सबके लिए खास

लेमनग्रास श्रीलंका, दक्षिण भारत, थाईलैंड व बर्मा का मूल पौधा है। इसकी पत्तियों और तने का उपयोग हर्बल चाय, काढ़ा, सूप, विभिन्न व्यंजनों में स्वाद तथा सुगंध बढ़ाने के लिए किया जाता है। इस औषधीय पौधा का उपयोग सर्दी-जुकाम, बुखार, पाचन की समस्याओं (गैस, अपच, एसिडिटी) व जोड़ों के दर्द में राहत के लिए भी किया जाता है। इसमें सिट्रोनेला तेल पाया जाता है, जो मच्छरों व कीड़ों को दूर रखने का काम करता है।

कैमोमाइल भी गुणकारी

कैमोमाइल एक प्रसिद्ध औषधीय व खुशबूदार जड़ी-बूटी वाला पौधा है। इसके सूखे फूलों को गर्म पानी में उबालकर हर्बल चाय बनाई जाती है। यह कैफीन-मुक्त होती है और तनाव कम करने तथा अच्छी नींद लाने में काफी मददगार मानी जाती है। यह पेट की गैस, ऐंठन और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं को भी ठीक करती है। यह जम्मू-कश्मीर के साथ उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड व असम में उगाया जाता है। इसे अपने घर के गमलों, बगीचे की क्यारियों व खेतों में लगा सकते हैं।

जिले में 27 एफपीओ के माध्यम से करीब 10 हजार किसान समृद्धि की ओर बढ़े हैं। लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती व तेल उत्पादन इसका अच्छा उदाहरण है। प्रयास है कि एफपीओ के माध्यम से किसानों को नई फसलों, आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण व बाजार से जोड़ा जाए, ताकि उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले व आमदनी बढ़े। लेमनग्रास व कैमोमाइल की खेती से बुंदेलखंड की कृषि को नई पहचान दिलाने की दिशा में मदद मिली है।

-पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी चित्रकूट

यह भी पढ़ें- मां की तीन मिनट की चूक और उजड़ गई दुनिया: चित्रकूट में खेलते-खेलते बाल्टी में गिरी मासूम; डूबने से हुई मौत

यह भी पढ़ें- चित्रकूट में क्लीनिक के अंदर बेच रहे थे नकली डीएपी खाद, डॉक्टर और मकान मालिक सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।