विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में क्लीनिक के अंदर बेच रहे थे नकली डीएपी खाद, डॉक्टर और मकान मालिक सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:52 PM (GMT+05:30)

चित्रकूट के पहाड़ी क्षेत्र में एक क्लीनिक के अंदर नकली डीएपी खाद बेचने का मामला सामने आया है।

पहाड़ी में क्लीनिक में छापेमारी के दौरान नकली खाद बेचने का आरोपित डा. विमल मिश्रा व दारोगा के साथ जिला कृषि अधिकारी रामकिशोर वर्मा

पहाड़ी में क्लीनिक में छापेमारी के दौरान नकली खाद बेचने का आरोपित डा. विमल मिश्रा व दारोगा के साथ जिला कृषि अधिकारी रामकिशोर वर्मा

HighLights

  1. चित्रकूट में क्लीनिक के अंदर नकली डीएपी खाद बेची जा रही थी।

  2. कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर तीन बोरी खाद पकड़ी।

  3. डॉक्टर और मकान मालिक सहित छह लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। किसानों को खाद की जरूरत है और इसी मजबूरी का फायदा उठाकर नकली डीएपी बेचने का मामला सामने आया है। पहाड़ी क्षेत्र में एक क्लीनिक के अंदर इफको भारत के नाम से सिली बोरियों में नकली डीएपी भरी मिली। कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन बोरी खाद बरामद की। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर डॉक्टर और मकान मालिक समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिला कृषि अधिकारी राम किशोर वर्मा के अनुसार किसानों के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी-छिपे नकली खाद बेच रहे हैं। इस पर उनके साथ नायब तहसीलदार कर्वी अमित सिंह व कृषि विभाग के प्रधान सहायक गुलाब सिंह की संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में छापेमारी की।

टीम को डॉ. विमल मिश्रा के क्लीनिक के अंदर हल्के हरे रंग की इफको भारत डीएपी लिखी और सिली हुई तीन बोरियां मिलीं। बोरियां खोलकर देखने पर उनमें नकली डीएपी भरी होने की बात सामने आई।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में डॉ. विमल मिश्रा ने खाद मकान मालिक बंधु गौतम पुत्र विनोद गौतम, सीपू तिवारी और तीन अन्य व्यक्तियों द्वारा लाकर रखने की बात कही। उनके अनुसार, फोन पर सूचना मिलने के बाद वह किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद देते थे और उनसे 1500 रुपये प्रति बोरी लेते थे।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि डॉ. विमल मिश्रा सहित तीन नामजद और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत पहाड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बरामद बोरियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। नमूना सील कर जांच को भेजा गया है। डॉ. विमल मिश्रा के पास बैचलर ऑफ इलेक्ट्रो-होम्योपैथी मेडिसिन एंड सर्जरी (बीईएमएस) की डिग्री है। वह मेडिकल स्टोर के साथ क्लीनिक भी चलाते हैं।

यह भी पढ़ें- धर्मनगरी चित्रकूट में में नशे का बढ़ता नेटवर्क, युवा हो रहे हैं शिकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।