धर्मनगरी चित्रकूट में में नशे का बढ़ता नेटवर्क, युवा हो रहे हैं शिकार
धर्मनगरी चित्रकूट में नशे का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है, जहां गांजा और कच्ची शराब का प्रचलन अधिक है, जिससे युवा शिकार हो रहे हैं। जनवरी से नवंबर तक 370 से अधिक मामले दर्ज हुए और 380 लोग पकड़े गए, फिर भी तस्करी जारी है, जिससे अपराध और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
-1795421286380_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई है।
HighLights
चित्रकूट में गांजा और कच्ची शराब का प्रचलन तेजी से बढ़ा।
जनवरी से नवंबर तक 370 से अधिक मामले दर्ज, 380 गिरफ्तार।
युवा नशे की लत में पड़कर अपराध की ओर अग्रसर हो रहे।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। धर्मनगरी के कई इलाके नशे के हाटस्पाट बन रहे हैं। बाहरी जिलों से गांजा और शराब पहुंच रही है। पहले स्मैक और चरस की तस्करी भी होती थी, लेकिन फिलहाल गांजा और कच्ची शराब का चलन अधिक है। जनवरी से नवंबर तक नशे से जुड़े 370 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए और 380 लोग पकड़े गए। इसके बावजूद तस्करी जारी है।
हाल ही में जीआरपी चित्रकूट और पहाड़ी पुलिस ने दूसरे जिले के चार युवकों को करीब 33 किलो गांजे के साथ पकड़ा। रेलवे स्टेशन, अस्थायी बस स्टैंड, मंदाकिनी नदी के पुलघाट, तरौंहा किला और सीतापुर के आसपास के इलाके नशे की गतिविधियों को लेकर चर्चा में हैं। गांजे की आपूर्ति उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार से होने की बात सामने आई है।
तस्कर चार पहिया वाहनों से खेप लाकर आसपास के जिलों तक पहुंचाते हैं। कार्रवाई के बावजूद नेटवर्क पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। जिले के समाजसेवी प्रभाकर सिंह के मुताबिक, कॉलेज के छात्र, मजदूरी करने वाले और बेरोजगार युवक गांजा, शराब व अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त में आ रहे हैं।
शौक या दोस्तों के दबाव में शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है। इससे पढ़ाई छूटती है, परिवार प्रभावित होते हैं और अपराध बढ़ता है। कुछ युवा नशे के लिए चोरी और लूट करने लगे हैं। समाजसेवी बलवीर सिंह ने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से नशा नहीं रुकेगा। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान, अभिभावकों की निगरानी और नशा मुक्ति केंद्रों को सक्रिय करना जरूरी है। नशा बेचने वालों का सामाजिक बहिष्कार भी होना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने बताया कि करीब 11 माह में 370 मामलों में 380 लोगों को पकड़ा गया है। गांजा और शराब का चलन अधिक है। चेकिंग, छापेमारी और नेटवर्क तोड़ने के लिए विशेष टीम लगाई गई है। उन्होंने लोगों से नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वालों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।