बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट से चमकेगी चित्रकूट की ऐतिहासिक विरासत, मराठाकालीन किले का होगा जीर्णोद्धार
योगी सरकार के बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट के तहत चित्रकूट की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

मराठा कालीन किला के सौदर्य के लिए तैयार मॉडल। स्रोत-पर्यटन विभाग
HighLights
मराठाकालीन किले के जीर्णोद्धार पर पांच करोड़ खर्च होंगे।
किले परिसर में स्थानीय उत्पादों का हाट बाजार बनेगा।
सुर्की राजवंश के ऐतिहासिक किले का भी संरक्षण होगा।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। भगवान श्रीराम की तपोभूमि की पहचान अब तक धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में रही है, लेकिन यहां की ऐतिहासिक धरोहरों में भी पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उपेक्षा और देखरेख के अभाव में जर्जर हो रही इन धरोहरों को अब नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।
योगी सरकार की कैबिनेट ने नीब करौरी बाबा सर्किट और बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बांदा के कालिंजर किले समेत बुंदेलखंड के ऐतिहासिक किलों और महलों को पर्यटन से जोड़ने की योजना है। इससे चित्रकूट के मराठाकालीन किले और अन्य ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास की उम्मीद बढ़ी है।
पुरानी बाजार स्थित मराठाकालीन किले का उपयोग पहले पुरानी कोतवाली के रूप में होता रहा है। अब इसके संरक्षण की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की पहल पर भवन के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए करीब पांच करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें भवन की ऐतिहासिक पहचान बरकरार रखते हुए पारंपरिक चूना-सुरखी तकनीक से मरम्मत और पेंटिंग कराई जाएगी।
परिसर में आकर्षक पार्क, इंटरलाकिंग पाथवे, हॉर्टिकल्चर, फसाड लाइटिंग और स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रशासन के मुताबिक, कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा।
हाट बाजार में बिकेंगे स्थानीय उत्पाद
योजना में किले को केवल सजाने तक सीमित नहीं रखा गया है। परिसर में हाट बाजार भी विकसित किया जाएगा। यहां स्थानीय कारीगरों के हस्तशिल्प और जीआइ व ओडीओपी उत्पादों की बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पर्यटकों को स्थानीय कला और उत्पादों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए बाजार भी मिलेगा।
सुर्की राजवंश के किले का भी होगा संरक्षण
विकासखंड कर्वी के ग्राम तरौंहा स्थित सुर्की राजवंश के ऐतिहासिक किले के संरक्षण की दिशा में भी प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। जिलाधिकारी ने हाल ही में किले का निरीक्षण कर इसकी ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्ता के अनुरूप विकास की संभावनाएं देखीं।
उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को परिसर और आसपास नियमित सफाई कराने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही किला राज्य पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है या नहीं, इसकी जानकारी जुटाने को कहा। परिसर को व्यवस्थित ढंग से विकसित कर पार्क बनाने की संभावना भी जताई गई है।
बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट और जिला प्रशासन की इन पहलों से चित्रकूट की ऐतिहासिक विरासत को धार्मिक पर्यटन के साथ जोड़ने का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, इन किलों को सर्किट में शामिल किए जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। सहायक पर्यटन अधिकारी कृष्णा पांडेय ने बताया कि फिलहाल सर्किट के संबंध में उनके पास कोई पत्र नहीं आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।