चित्रकूट गधा मेले में शाहरुख-सलमान के लिए नहीं आए खरीदार, 'अमिताभ' की 72 हजार और 'कल्लू' खच्चर की 75 हजार लगी बोली
चित्रकूट के रामघाट गधा मेले में 400 पशुओं में से केवल 70 की बिक्री हुई, जबकि 'अमिताभ' गधे की 72 ...और पढ़ें

नदी के किनारे लगा ऐतिहासिक गधा मेला। जागरण
HighLights
रामघाट मेले में 400 पशु आए, केवल 70 बिके।
'अमिताभ' गधे की 72 हजार, 'कल्लू' खच्चर की 75 हजार बोली।
मशीनों के उपयोग से गधा-खच्चर की मांग घटी।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। कभी फिल्मी सितारों के नाम वाले गधों और खच्चरों की ऊंची बोलियां मेले का आकर्षण हुआ करती थीं। अमिताभ, शाहरुख और सलमान नाम वाले पशुओं को खरीदने के लिए व्यापारियों में होड़ लगती थी, लेकिन इस बार धर्मनगरी के ऐतिहासिक गधा मेले में सितारों के नाम भी खरीदार नहीं जुटा सके।
रामघाट के तट पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर लगे मेले में बोलियां तो हजारों रुपये तक पहुंचीं, लेकिन सौदे पूरे नहीं हो सके। अमिताभ नाम के गधे की 72 हजार रुपये और कल्लू नाम के खच्चर की 75 हजार रुपये तक बोली लगी, फिर भी दोनों नहीं बिके। तीन दिन के मेले में करीब 400 गधे और खच्चर पहुंचे, जिनमें अब तक केवल 70 की बिक्री हो सकी है।
कभी यह मेला हजारों पशुओं की टापों और लाखों रुपये के कारोबार के लिए जाना जाता था। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और नेपाल तक से व्यापारी गधे-खच्चर लेकर पहुंचते थे। अच्छी नस्ल के पशुओं की खरीद के लिए दूर-दराज से खरीदार आते थे। अब निर्माण कार्यों में ट्रैक्टर, लोडर और अन्य मशीनों का इस्तेमाल बढ़ने से गधों और खच्चरों की मांग घट गई है। पहले ईंट, बालू और पत्थर की ढुलाई में इन पशुओं की अहम भूमिका रहती थी।
पहाड़ी और दुर्गम रास्तों पर भी इनसे सामान पहुंचाया जाता था, लेकिन अब यह काम मशीनों ने संभाल लिया है। बांदा से आए व्यापारी सतीश कुमार सोनकर बताते हैं कि पहले 40 से 50 हजार रुपये में बिकने वाला गधा अब 15 से 20 हजार रुपये में भी आसानी से नहीं बिकता। वह करीब 15 पशु लेकर आए हैं, लेकिन उचित कीमत नहीं मिलने से बिक्री नहीं हो पा रही है। व्यापारी धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने इस बार 15 हजार रुपये में एक खच्चर खरीदा है।
आयोजक रमेश पांडेय के मुताबिक, रामघाट पर लगने वाले इस मेले की परंपरा औरंगजेब के शासनकाल से चली आ रही है। कभी एक हजार से अधिक पशु यहां पहुंचते थे और अच्छी नस्ल के खच्चरों की कीमत लाखों रुपये तक लगती थी। अब घटती आमद और बिक्री मेले के बदलते स्वरूप की कहानी बयां कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।