चित्रकूट में दीपों के पर्व पर लाठियों की गूंज, भरत मिलाप मंदिर परिसर में सैकड़ों गांवों की टोलियां
चित्रकूट में दीपावली के अवसर पर दीवारी नृत्य (लट्ठमार दिवाली) का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों गांवों की टोलियों ने भरत ...और पढ़ें

दिवारी नृत्य प्रस्तुत करते कलाकार। जागरण
HighLights
दीपावली पर चित्रकूट में दीवारी नृत्य का आयोजन।
भरत मिलाप मंदिर में युद्धकला के पैंतरे दिखाए गए।
बुंदेलखंड की वीरता और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी के घाटों पर दीपों की रोशनी और कामदगिरि की परिक्रमा में श्रद्धालुओं की आस्था के बीच सोमवार को लाठियों की खनक ने बुंदेलखंड के शौर्य की गाथा सुनाई। दीपावली के उल्लास में डूबी तपोभूमि में दीवारी नृत्य के दौरान जब युवाओं ने युद्ध मुद्रा में लाठियां भांजीं तो भरत मिलाप मंदिर और पीलीकोठी परिसर तालियों से गूंज उठा।
मयूर पंखों से सजे लोक कलाकार, पैरों में घुंघरू और ढोल-नगाड़ों की थाप पर बदलते पैंतरे देखकर हजारों दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। यहां दीपावली सिर्फ दीपदान और पूजा तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोक परंपरा के जरिए वीरता, भक्ति और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन भी हुआ।
कामदगिरि परिक्रमा क्षेत्र स्थित भरत मिलाप मंदिर परिसर में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के सैकड़ों गांवों से आई टोलियों ने दीवारी नृत्य प्रस्तुत किया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन देर शाम तक चलता रहा। ढोलक, नगाड़े और मंजीरों की लय के साथ कलाकारों ने लाठियों से ऐसे दांव-पेंच दिखाए कि दर्शक एकटक देखते रहे।
युवाओं के साथ बुजुर्ग और बच्चे भी इस पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए। कहीं दो कलाकार आमने-सामने होकर लाठियों से युद्ध कौशल दिखाते तो कहीं पूरी टोली ताल और लय के साथ कदम मिलाती नजर आई। रंग-बिरंगे परिधान, मयूर पंख और घुंघरुओं की छनक ने प्रदर्शन को और आकर्षक बना दिया।
दशहरे से भाईदूज तक चलती है परंपरा
बुंदेलखंड में दीवारी को लट्ठमार दिवाली के नाम से भी जाना जाता है। महोबा, चित्रकूट, बांदा, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और जालौन समेत क्षेत्र के विभिन्न जिलों में दशहरे के बाद से अमावस्या और भाईदूज तक गांव-गांव में टोलियां बनाकर इसका प्रदर्शन किया जाता है। इसमें लाठी संचालन, युद्धकला, शारीरिक कौशल और ताल-लय का संगम देखने को मिलता है।
भरत मिलाप मंदिर के महांत राममनोहर दास बताते हैं कि लोकमान्यता के अनुसार दीवारी नृत्य की परंपरा द्वापर युग से जुड़ी है। जब श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था, तब विजय और उल्लास में ब्रजवासियों ने दीवारी नृत्य किया था। इसी मान्यता से यह परंपरा आज भी बुंदेलखंड में जीवित है। गांवों से निकलकर चित्रकूट पहुंचे कलाकारों ने दिखाया कि बदलते समय में भी लोककला की यह विरासत नई पीढ़ी तक पहुंच रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।