चित्रकूट में बारिश के बाद दरकीं गुप्त गोदावरी की चट्टानें, बंद हैं दोनों गुफाएं, अब वैज्ञानिक तलाशेंगे वजह
चित्रकूट की प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी गुफाओं में बारिश के बाद चट्टानों में दरारें आ गई हैं और पत्थर गिरे हैं, ...और पढ़ें

गुप्त गोदावरी गुफा में जांच कर रही एमएनएनआईटी, प्रयागराज की टीम। स्रोत- नगर पंचायत
HighLights
बारिश के बाद गुप्त गोदावरी की चट्टानों में दरारें
23 सितंबर से श्रद्धालुओं के लिए गुफाएं बंद
एमएनएनआईटी टीम कर रही है वैज्ञानिक जांच
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। लगातार बारिश और मंदाकिनी में आई बाढ़ के बाद धर्मनगरी चित्रकूट की प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी गुफा की चट्टानों में दरार और पत्थर गिरने की घटनाओं ने प्राकृतिक धरोहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खटखटा चोर के पास दो बार पत्थर गिरने और गुफा में स्थापित पंचमुखी शिवलिंग क्षतिग्रस्त होने के बाद 23 सितंबर से श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद है।
अब चट्टानों के दरकने की वजह और उनकी स्थिरता का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच शुरू की गई है। बुधवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज के प्रोफेसर एचके पांडेय और विशेषज्ञों की टीम पर पहुंची। उन्होंने गुफा की कई एंगल से फोटो ली और कुछ सैंपल भी लिए हैं।
गुप्त गोदावरी की गुफाएं धार्मिक आस्था के साथ चित्रकूट के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। बारिश के दौरान चट्टानों में दरार, ज्वाइंट और पानी के रिसाव की जानकारी मिलने के बाद मध्यप्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों गुफाओं को सील कर दिया था।
नगर पंचायत नयागांव ने 24 सितंबर को एमएनएनआईटी को पत्र भेजकर विशेषज्ञों की टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू की थी। नगर पंचायत नयागांव मध्यप्रदेश के मुख्य नगर अधिकारी अंकित सोनी ने बताया कि शुरुआती निरीक्षण के बाद विस्तृत तकनीकी विश्लेषण टीम करेगी।
चट्टानों की मजबूती और पत्थर गिरने के कारणों की जांच के साथ स्वायल टेस्ट भी कराया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। गुफा बंद होने से श्रद्धालुओं के दर्शन प्रभावित हैं। यहां रोजाना करीब पांच हजार पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है।
नगर पंचायत को प्रतिदिन लगभग एक लाख रुपये के राजस्व नुकसान का दावा है। ऐसे में वैज्ञानिक रिपोर्ट से गुफा की सुरक्षा की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने और आगे प्रवेश को लेकर निर्णय लेने का रास्ता निकलेगा।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में दुखद हादसा, गोंडा के हैंडबाल खिलाड़ी की मंदाकिनी में डूबकर मौत
