चित्रकूट में दुखद हादसा, गोंडा के हैंडबाल खिलाड़ी की मंदाकिनी में डूबकर मौत
प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में भाग लेने आई गोंडा की टीम के 17 वर्षीय खिलाड़ी नवीन तिवारी की चित्रकूट में ...और पढ़ें

HighLights
गोंडा के 17 वर्षीय हैंडबाल खिलाड़ी की मौत
चित्रकूट की मंदाकिनी नदी में नहाते समय डूबा
पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों को दी सूचना
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आई गोंडा जिले की टीम के छह खिलाड़ी बुधवार को मध्यप्रदेश के चित्रकूट क्षेत्र स्थित आरोग्यधाम घाट पर मंदाकिनी नदी में स्नान करने पहुंचे। इस दौरान टीम का एक खिलाड़ी नदी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोर की मदद से उसे बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शहर के जिला खेल स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। मंगलवार को गोंडा की टीम का मुकाबला लखनऊ से हुआ था, जिसमें उसे 23-14 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद गोंडा की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर टीम के खिलाड़ियों ने चित्रकूट दर्शन की योजना बनाई और मंदाकिनी में स्नान के लिए आरोग्यधाम घाट पहुंचे।
नहाते समय गोंडा के रमापुरवा निवासी 17 वर्षीय नवीन तिवारी नदी में डूब गए। साथियों को कुछ देर तक इसका पता नहीं चला। बाद में नवीन के दिखाई न देने पर उन्होंने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गोताखोर की मदद से नवीन को नदी से निकलवाया और जानकीकुंड अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नयागांव थाना प्रभारी निमेश त्रिपाठी ने टीम के अन्य खिलाड़ियों से पहचान कराने के बाद नवीन के स्वजन को सूचना दी। सीतापुर, उत्तर प्रदेश की पुलिस चौकी को भी घटना की जानकारी दी गई। चौकी प्रभारी यदुवेंद्र सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला मध्यप्रदेश का होने के कारण पोस्टमार्टम वहीं होगा।
