विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chitrakoot News: टेलीग्राम ग्रुप पर बाल यौन शोषण सामग्री बेचने का आरोप, छह साल में तीसरा बड़ा मामला

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:40 PM (GMT+05:30)

चित्रकूट में टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से बाल यौन शोषण सामग्री बेचने का एक माह में दूसरा मामला सामने आया ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।

यह एक प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. यूजर आइडी से संपर्क पर सामग्री के बदले रुपये मांगने की शिकायत

  2. बातचीत और भुगतान के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी

  3. छह साल में तीसरा व एक माह में दूसरा मामला सामने आया 


जागरण संवाददाता, चित्रकूट। टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से बाल यौन शोषण संबंधी प्रतिबंधित सामग्री उपलब्ध कराने का एक माह में दूसरा मामला सामने आया है। शंकर बाजार निवासी देवेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस शिकायतकर्ता से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

तहरीर के मुताबिक, ‘ओपन चैट विद फ्रेंड्स’ नाम के टेलीग्राम ग्रुप में एक यूजर आइडी का बार-बार प्रचार किया जा रहा था। दावा किया जाता था कि इस आइडी के जरिए प्रतिबंधित सामग्री मिल सकती है। देवेंद्र ने संबंधित आइडी से संपर्क किया तो बातचीत में सामग्री देने के बदले रुपये मांगे गए। उनका कहना है कि मामले की पुष्टि करने और पुलिस को साक्ष्य देने के लिए उन्होंने बताए गए माध्यम से भुगतान किया।

आरोप है कि इसके बाद उन्हें प्रतिबंधित सामग्री उपलब्ध कराई गई। देवेंद्र ने पुलिस को टेलीग्राम ग्रुप, यूजर आइडी, बातचीत और भुगतान का विवरण समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य देने की बात कही है। उन्होंने संबंधित खातों और मामले में शामिल लोगों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। साइबर सेल प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि शिकायतकर्ता से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और लिंक की पड़ताल की जा रही है।

बीते माह भी बच्चों की अश्लील सामग्री से जुड़ा मामला सामने आया था। कपलाइन संस्था से मिले इनपुट के आधार पर पता चला था कि चित्रकूट के एक मोबाइल नंबर से टेलीग्राम, मेटा और डार्क वेब के माध्यम से बच्चों के अश्लील वीडियो प्रसारित और बेचे जा रहे हैं। जांच में जल संस्थान के पास रहने वाले सौरभ मिश्रा का नाम सामने आया था।

साइबर थाने में नौ सितंबर को मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में उनके मोबाइल फोन में ऐसी सामग्री नहीं मिलने पर नोटिस देकर छोड़ दिया गया था। सौरभ ने कहा था कि वह देखने के लिए सामग्री मंगाते थे और उसे डिलीट कर दिया था। इससे पहले सीबीआई दिल्ली ने अक्टूबर 2020 में सिंचाई विभाग के निलंबित जेई रामभवन और उनकी पत्नी दुर्गावती के खिलाफ बच्चों की अश्लील सामग्री बेचने का मुकदमा दर्ज कराया था।

रामभवन को फांसी और उनकी पत्नी को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। आरोप था कि उन्होंने चित्रकूट में किराये के घर में रहकर करीब 33 नाबालिग बच्चों का यौन शोषण किया और वीडियो बनाकर विदेश भेजे।

यह भी पढ़ें- Railway Alert: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर, कानपुर से दिल्ली जाने वाली श्रमशक्ति सहित कई ट्रेनें अचानक निरस्त, देखें सूची

यह भी पढ़ें- ग्रेटर कानपुर से न्यू कानपुर सिटी तक विकास की तैयारी, 75 करोड़ से बाटनिकल गार्डन, एयरपोर्ट द्वार व मंधना रोड का सुंदरीकरण