Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'हजारों साल पहले पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम यहां आए थे, अब 19 सीटर विमान उतर रहा', चित्रकूट में CM योगी

    Updated: Thu, 28 Nov 2024 07:42 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में विकास की योजनाओं का ऐलान किया है। देवांगना टेबल टॉप हवाई अड्डे के विस्तार रक्षा और औद्योगिक गलियारे आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही चित्रकूट को भौतिक रूप से भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारों साल पहले पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम यहां आए थे अब 19 सीटर विमान उतर रहा है।

    Hero Image
    भाषण देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ-सूचना विभाग

    शिवा अवस्थी, चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बदले अंदाज में दिखे। चेहरे पर विजयी मुस्कान संग बुंदेलखंड, चित्रकूटधाम के विकास के संकल्प की प्रतिबद्धता नजर आई। रामघाट पर शंखनाद व मंदाकिनी गंगा की आरती के बाद उन्होंने बुंदेली धरा को विकसित बनाने का शंखनाद किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विंध्य पर्वतमाला पर देवांगना टेबल टाप हवाई अड्डे के विस्तारीकरण पर बात रखते हुए कहा, बुंदेलखंड जल्द विश्व पटल पर दिखेगा। हजारों साल पहले पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम यहां आए थे, अब 19 सीटर विमान उतर रहा है। ये विमान सेवा पहले दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, लखनऊ, खजुराहो, प्रयागराज समेत देश के शहरों व फिर अंतरराष्ट्रीय फलक पर जुड़ेगी।

    ऐसी हवाई पट्टी बनवा रहे, जिससे बड़े विमान उतर सकें। झांसी-चित्रकूट में रक्षा व औद्योगिक गलियारा आर्थिक समृद्धि लाएगा। कामदगिरि परिक्रमा पथ, रामघाट, 84 कोस स्थित पौराणिक तीर्थों के विकास से आध्यात्मिक व धार्मिक पर्यटन संग डकैतों के पाठा में बंदूकों की गरज के बजाय रानीपुर टाइगर रिजर्व में शेरों की गर्जना से ईको टूरिज्म बढ़ेगा।

    जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के साथ चित्रकूट के महाराजाधिराज स्वामी मत्तगजेंद्रनाथ के दर्शन, गंगा आरती के बाद मुख्यमंत्री बोले, भाजपा की डबल इंजन सरकार सनातन हिंदू धर्म के पौराणिक व पावन तीर्थ चित्रकूटधाम का विकास करा रही, ये सौभाग्य है।

    प्रभु श्रीराम ने वनवासकाल का सर्वाधिक समय यहीं बिताया। अति प्राचीनकाल से ऋषि-मुनियों ने यहीं आध्यात्मिक साधना को ऊंचाइयां दीं। चित्रकूट को पौराणिक पहचान दिलाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। मंदाकिनी स्वच्छता, रामघाट सौंदर्यीकरण के साथ चित्रकूट आध्यात्मिक, धार्मिक व भौतिक रूप से विकसित हो रहा है। हजारों साल पहले पुष्पक विमान के बाद अब यहां के लोगों को वायु सेवा मिली।

    पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी कुछ नहीं किया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से 13 सौ करोड़ से लिंक एक्सप्रेसवे, पौराणिक स्थलों समेत लालापुर महर्षि वाल्मीकि तपोस्थली, संत तुलसीदास की पावन जन्मस्थली राजापुर के विकास व सुरक्षा के इंतजाम हो रहे हैं।

    तुलसी तीर्थ की यमुना नदी छोर से सुरक्षा पुख्ता करा रहे हैं। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा देकर अब सबके लिए पढ़ाई की व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है। जिस पवित्र रामघाट में मां मंदाकिनी का पूजन-दर्शन किया, वहां तुलसीदास को प्रभु राम ने दर्शन दिया था।

    सीएम ने जय-जय श्री राम के साथ संबोधन समाप्त किया तो सामने भीड़ के जयकारे से माहौल राममय हो गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्कूल का निरीक्षण, पौधारोपण करने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा में लापरवाही न बरतने व दिसंबर तक जल जीवन मिशन समेत दूसरे काम पूरे कराने की नसीहत दी।

    बांदा में मेडिकल कालेज में रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण व महुआ गांव में तेलंगाना के प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा, बांदा के विकास कार्यों को गति देंगे। जनप्रतिनिधि जनता के कार्यों को प्राथमिकता से कराएं। समस्या पर सीधे उनसे मिलें।

    comedy show banner
    comedy show banner