खेलते समय मासूम को सांप ने डसा, ओझा के फेर में हुई मौत; झाड़-फूंक में बर्बाद कर दिया समय
चित्रकूट के रगौली में एक चार वर्षीय बच्चे को सांप ने डस लिया जिसके बाद उसे झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजापुर में सर्पदंश से एक महिला की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। कोतवाली कर्वी के रगौली में गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे चार वर्षीय मासूम घर के बरामदा में खेल रहा था। खेलते हुए मासूम कमरे में पहुंचा तो चूहे का पीछा कर रहे सर्प ने उसको डस लिया। स्वजन को पता चला तो उसको गांव में झाड़ फूंक के लिए ले गए।
करीब दो घंटे बाद और हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन मासूम की मौत हो चुकी थी। स्वजन शव को लेकर फिर से ओझा के पास गए हैं। वहीं, राजापुर क्षेत्र में सर्प के डसने से महिला की गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रगौली निवासी मंजू सिंह राजपूत का चार वर्षीय पुत्र अमन सिंह घर के बरामद से खेलते-खेलते कमरा की ओर भागा। कमरा में सांप चूहा का पीछा कर रहा था। तभी अमन बीच में आ गया। जिसके पैर में सर्प ने डस लिया। वह रोता हुए भाग कर मां के पास पहुंचा और सर्प के डसने की बात बताई।
स्वजन में खलबली मच गई, कमरे में जाकर देखा तो सर्प भाग गया। मासूम को स्वजन अस्पताल न ले जाकर झाड़ फूंक के लिए पास के ही गांव कंठीपुर ले गए। ओझा ने करीब दो घंटे झाड़फूंक की लेकिन मासूम की हालत में कोई सुधार तो दूर और बिगड़ गई।
जब मासूम बेहोश होने लगा तो स्वजन लेकर जिला अस्पताल भागे लेकिन देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने देखने पर मृत घोषित कर दिया हैं। अमन दो भाई में सबसे छोटा था। पिता मंजू सिंह गांव में मजदूरी का काम करते हैं।
पारिवारिक बाबा कामता प्रसाद ने बताया कि बरामदा में वह बैठे थे और अमन खेल रहा था। उसके रोने पर जानकारी हुई कमरे में जाकर देखा तो सर्प भाग कर जा रहे था। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल चौकी प्रभारी गए थे लेकिन स्वजन शव को लेकर चले गए थे।
गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती
सर्पदंश की दूसरी घटना थाना राजापुर के हरदौली गांव में हुई। मथुरा प्रसाद की 32 वर्षीय पत्नी कविता को बुधवार की रात करीब तीन बजे चारपाई में सो रही थी। तभी सर्प ने डस लिया। हालत खराब होने पर स्वजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।