फूलों की खेती से किसानों की बढ़ी आमदनी: सरकार दे रही 50% की सब्सिडी, चंदौली में बढ़ा रकबा
चंदौली में धान-गेहूं की पारंपरिक खेती के बजाय अब फूलों की खेती किसानों के लिए आय का नया स्रोत बन रही है। इस वर्ष जिले में फूलों की खेती का रकबा बढ़कर लगभग 150 हेक्टेयर हो गया है, जिसमें गेंदा, गुलाब और ग्लैडियोलस प्रमुख हैं, और सरकार 50% अनुदान भी दे रही है।

फूलों की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
चंदौली में फूलों की खेती का रकबा 150 हेक्टेयर हुआ
गेंदा, गुलाब, ग्लैडियोलस प्रमुख फूल, किसानों की आय बढ़ी
सरकार दे रही 50% अनुदान, 250 श्रमिकों को रोजगार
जागरण संवाददाता, चंदौली। धान और गेहूं की परंपरागत खेती के बीच जिले में फूलों की खेती किसानों के लिए आमदनी का नया जरिया बन रही। बाजार में मांग और बेहतर आय की संभावनाओं को देखते हुए किसान अब फूलों की खेती की ओर रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि जिले में इस बार फूलों की खेती का रकबा बढ़कर लगभग 150 हेक्टेयर हो गया है। इसमें गेंदा, गुलाब और ग्लैडियोलस प्रमुख हैं।
नियामताबाद और चहनियां क्षेत्र में फूलों की खेती का रकबा बढ़ा है। जबकि, सैयदराजा, चकिया इलाके में गेंदा व शहाबगंज में गुलाब फूल की खेती व्यापक पैमाने पर की जा रही। विभाग के अनुसार, 77 किसान इसकी खेती करते हैं। फूलों की तोड़ाई में लगभग 250 श्रमिकों को रोजगार मिलता है।
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना से पात्र किसानों को मिलता है अनुदान
वहीं, फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना संचालित की जा रही। इसके तहत पात्र किसानों को फूलों की खेती के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। इससे खेती की शुरुआती लागत का बोझ कम होता है। किसान परंपरागत फसलों के साथ फूलों की खेती को भी अपना रहे हैं। गेंदा फूल का उपयोग पूजा-पाठ, माला और सजावट में होता है।
गेंदा, गुलाब व ग्लैडियोलस की खेती से किसानों को मिल रहा आमदनी का विकल्प
जबकि, गुलाब और ग्लैडियोलस की मांग विभिन्न आयोजनों और समारोहों में रहती है। शादी -विवाह, धार्मिक आयोजन और अन्य समारोहों के कारण फूलों की मांग बनी रहती है। किसान तैयार फूलों को स्थानीय बाजारों में बेचकर आमदनी करते हैं। फूलों की खेती कम समय में नकदी आय का अवसर उपलब्ध कराती है। केवीके के उद्यान विज्ञानी डा. मनीष सिंह ने बताया कि मौसम, सिंचाई और बाजार की मांग का ध्यान रखना जरूरी होता है।
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में फूलों की खेती के लिए अनुदान का प्रविधान किया गया है। किसान विभाग में आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। फूलों की खेती में अच्छी संभावनाएं हैं। किसानों को परंपरागत फसलों के साथ बागवानी फसलों को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. शैलेन्द्रदेव दुबे, जिला उद्यान अधिकारी।
पांच वर्ष पूर्व मैंने 10 डिस्मिल भूमि में गेंदा फूल की खेती शुरू की थी। पहली बार लागत निकालने के बाद 15 हजार रुपये की बचत हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ाता गया। इस बार दो हेक्टेयर में गेंदा के साथ ग्लैडियोलस की भी खेती की है। फूलों की मांग अच्छी रहने से आमदनी होगी।
रवि माली, किसान, सोहदवार।
दो वर्ष पूर्व मैंने छोटे स्तर पर गेंदा फूल की खेती शुरू की थी। शुरुआत में खेती का अनुभव कम था, लेकिन बाजार में मांग और बिक्री से उत्साहित होकर रकबा बढ़ाया। इस बार एक हेक्टेयर में गेंदा फूल की खेती की है। इसकी खेती से परंपरागत फसलों के मुकाबले अलग आमदनी का अवसर मिला है।
प्रिंस माैर्य, किसान, हटिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।