विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्लेडियोलस और गेंदा उगाकर कर रह लाखों की कमाई, गाजीपुर के किसान कृष्णानंद ने फूलों की खेती से बदली किस्मत

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:58 AM (IST)

गाजीपुर के किसान कृष्णानंद कुशवाहा ने फूलों की खेती से अपनी आय बढ़ाई है, जिससे उन्हें प्रति बीघा डेढ़ लाख रुपये तक की कमाई हो रही है। 

किसान कृष्णानंद फूलों की खेती से अपनी किस्मत बदल रहे हैं। (तस्वीर- जागरण)

किसान कृष्णानंद फूलों की खेती से अपनी किस्मत बदल रहे हैं। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. किसान कृष्णानंद ने फूलों की खेती से अपनी आय बढ़ाई।

  2. प्रति बीघा डेढ़ लाख रुपये तक की कमाई हो रही है।

  3. गांव की आधा दर्जन महिलाओं को मिला स्थानीय रोजगार।

जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। खेती में मुनाफा घटने और लागत बढ़ने की चिंता के बीच डेढ़गांव के किसान कृष्णानंद कुशवाहा उर्फ भानु ने फूलों की खेती से खुशहाली की नई राह निकाली है।

करीब 20 वर्षों से ग्लेडियोलस और गेंदा उगाकर वह न सिर्फ अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं, बल्कि गांव की आधा दर्जन महिलाओं को भी रोजगार दे रहे हैं। तीन बीघा खेत में खिल रहे फूल अब उनकी आर्थिक तरक्की के साथ ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता की भी कहानी कह रहे हैं।

खास बात यह है कि उनके खेतों के फूल स्थानीय बाजारों से निकलकर बिहार की राजधानी पटना तक पहुंच रहे हैं। उनका यह प्रयोग उन किसानों के लिए प्रेरणा है, जो परंपरागत फसलों से आगे बढ़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाना चाहते हैं।

तीन बीघा में खेती, डेढ़ लाख रुपये तक प्रति बीघा कमाई

कृष्णानंद पहले वह परंपरागत खेती करते थे, लेकिन बेहतर आमदनी की तलाश में फूलों की खेती शुरू की। वर्तमान में एक बीघा में ग्लेडियोलस और शेष जमीन पर गेंदा सहित अन्य फूल उगा रहे हैं।

इसके लिए कोलकाता से बीज मंगाते हैं। अक्टूबर से मार्च तक ग्लेडियोलस और मार्च में गेंदे की फसल लगाते हैं। ग्लेडियोलस पर प्रति बीघा करीब 40 से 50 हजार रुपये और गेंदा की खेती पर लगभग 20 हजार रुपये लागत आती है।

बाजार और पैदावार अनुकूल रहने पर प्रति बीघा एक से डेढ़ लाख रुपये तक आमदनी हो जाती है। फूलों की मांग स्थानीय बाजारों के अलावा गाजीपुर और मऊ की मंडियों तथा पटना तक है। फूलों से माला तैयार कर बेचने पर अतिरिक्त कमाई भी होती है।

खेत से बाजार तक महिलाओं की भागीदारी, घर के पास मिला रोजगार

फूलों की खेती ने गांव की आधा दर्जन महिलाओं को भी आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा है। महिलाएं फूलों की तुड़ाई और मालाएं तैयार करने का काम करती हैं। इससे उन्हें गांव में ही रोजगार मिल रहा है और परिवार की आमदनी बढ़ाने में सहयोग कर रही हैं।

कृष्णानंद का मानना है कि किसान बाजार की मांग के अनुसार फसलों का चयन करें तो खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उनका प्रयोग साबित करता है कि फूलों की खेती केवल कमाई का विकल्प नहीं, बल्कि गांव में रोजगार सृजन का भी माध्यम बन सकती है।

यह भी पढ़ें- गेंदे की खेती से बदली किसान अखिलेश माली की किस्मत, 1 लाख फूलों से 50 हजार तक हो रही कमाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।